जिले के अधिकांश एटीएम से बुधवार शाम से पैसा निकलना बंद हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। हालांकि, एटीएम में मिनी स्टेटमेंट और दूसरी जानकारी मिल रही थी। वहीं, पैसा निकालने वालों की बैंकों में भी भीड़ बढ़ गई है। कई लोगों ने इस मामले को बैंक और प्रशासनिक अधिकारियों के सम्मुख भी उठाया।]
शिक्षा विभाग के कर्मचारी नेता रवींद्र पांडेय बुधवार और बृहस्पतिवार को रकम निकालने के कलक्ट्रेट के पास के एटीएम गए। दोनों दिन उन्हें मायूसी मिली। बृहस्पतिवार को उन्होंने अमर उजाला को इसकी जानकारी दी। ऐसा वाकया कई दूसरे उपभोक्ताओं के साथ भी हुआ। आमतौर पर जिले में औसतन एक करोड़ रुपये रोजाना एटीएम से निकाला जाता है। बता दें कि जिले में 27 एटीएम हैं।
इनमें से बैंक परिसर के एटीएम को छोड़कर दूसरे एटीएम में पैसा नहीं है। भारतीय स्टेट बैंक की चंपावत शाखा के मुख्य प्रबंधक ब्रह्मानंद निगम का कहना है कि यहां एसबीआई परिसर में लगी कैश डिपोजिट मशीन (सीडीएम) में पैसा है। इस मशीन से एटीएम कार्ड के जरिए ग्राहक रकम निकाल रहे हैं। वहीं दो दिन के भीतर नकदी पहुंच जाएगी।
बैंक परिसर में लगे एटीएम काम कर रहे हैं। बैंक के सर्वर, वी-सैट कनेक्शन में खामी की वजह से कई जगह एटीएम में गड़बड़ी है। जिसे बैंक द्वारा ठीक कराया जा रहा है। जल्द ही एटीएम की व्यवस्था ठीक हो जाएगी। -दीपेंद्र कुमार चौधरी, जिलाधिकारी।