लोहाघाट (चंपावत)। स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के जन्मदिन पर हुई लता नाइट संगीत संध्या मे देर रात तक संगीत की स्वर लहरियों में लोग झूमते रहे। नामी संगीतकार अनूप कौशल और उनके शिष्य बाल संगीतकार अजय कलखुड़िया के संयोजन में शिक्षा भवन में हुए कार्यक्रम का ब्लॉक प्रमुख योगेश मेहता ने शुभारंभ किया।
उन्होंने प्रतियोगियों को पुरस्कृत किया। संगीत संध्या का आगाज मां भगवती की आराधना से हुआ। संगीत संध्या देश के जांबाज सैनिकों के नाम समर्पित रही। सर्वप्रथम अनूप कौशल ने लता का प्रसिद्ध गीत ऐ मेरे वतन के लोगों जरा आंख में भर लो पानी की आंखों को नम करने वाली प्रस्तुति दी।
सोनिया आर्या के गीत यूं ही हसरतों के दाग मोहब्बत में धो दिए पर श्रोता झूमने लगे। मेघा चौबे की प्रस्तुति मो से छल किए जाय हाय रे हाय, प्रियंका राजन ने रैना बीत जाए श्याम न आए निदियां न आए, महिमा बिष्ट ने सुनाया अजी रूठ कर अब कहां जाइएगा, जहां जाइएगा वहीं पाइएगा और बाल गीतकार आशी मुरारी की प्रस्तुति उनसे मिली नजर कि मेरे होश उड़ गए गीत पर श्रोताओं ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।
रिया कलौनी, वेदिका शर्मा, रश्मि मेहता, इंदु स्नेही, राशि रावत ने भी अपने फन का जौहर दिखाया। हारमोनियम में अनूप कौशल, तबले पर सूरज, संजय, कमल किशोर, गिटार पर महेंद्र ने संगत की। संगीत संध्या में दर्शकों की ओर से सैनिकों के कल्याण कोष के लिए 7078 रुपये एकत्रित किए गए।
मुख्य अतिथि मेहता ने भी 1100 रुपये का सहयोग किया। संयोजक कौशल के अनुसार यह धनराशि सैनिक कल्याण अधिकारी के माध्यम से सैनिक कल्याण कोष में भेजी जाएगी। प्रदीप कुमार और काफिल खान ने संचालन किया। आयोजन में पान सिंह मेहता, गोविंद बोहरा, सुनील पांडे, विजय जोशी, शिवराज तड़ागी, कमल वर्मा, रेणुका बिष्ट, जगदीश जोशी, जीवन मेहता, ऋचा राय ने सहयोग किया।