लोहाघाट (चंपावत)। सड़क हादसे में विकासखंड लोहाघाट के डुंगरी निवासी सेना के हवलदार का पार्थिव शरीर देर शाम उनके आवास पर पहुंचा। शव के घर में पहुंचते ही वहां मातम छा गया। परिजन शव से लिपट गए। बुधवार को सैन्य सम्मान के साथ शव का पंचेश्वर घाट में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सोमवार सुबह सेना के वाहन और बस के बीच हुई भिड़ंत में मूल रूप से डुंगरी दिगालीचौड़ और हाल लोहाघाट सेरीगैर निवासी हवलदार केडी जोशी का निधन हो गया था। झांसी में ईएमई बटालियन में तैनात जोशी भोपाल में अग्निवीरों को वाहन चलाने का प्रशिक्षण दे रहे थे।
मंगलवार देर शाम सेरीगैर स्थित आवास पर हवलदार जोशी का पार्थिव शरीर पहुंचने पर शोक संवेदना देने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ गया। उनके भाई पूर्व प्रधान महेश जोशी ने बताया कि बुधवार को सेरीगैर स्थित आवास से पंचेश्वर घाट के लिए शवयात्रा निकलेगी। जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। संवाद