फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज के टनकपुर रीजन को 30 करोड़ की चपत

विज्ञापन
पिथौरागढ़ रोडवेज वर्कशॉप में खड़ी बसें। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : PITHORAGARH
विज्ञापन
टनकपुर (चंपावत)। कोरोना की मार ने राज्य परिवहन निगम (रोडवेज) की भी कमर तोड़ी है। लॉकडाउन के चार महीनों में अकेले टनकपुर क्षेत्र (टनकपुर, पिथौरागढ़ और लोहाघाट डिपो) को 25 से 30 करोड़ रुपये की चपत लगी है।
विज्ञापन

23 मार्च से समूचे देश में घोषित लॉकडाउन के बाद सरकार ने गत 17 मई से लॉकडाउन में शिथिलता बरतना शुरू किया और आठ जून को सशर्त अनलॉक-1 घोषित किया गया लेकिन सार्वजनिक यातायात सेवा बहाल नहीं की गई। उत्तराखंड में भी निजी आपरेटरों के साथ ही राज्य सरकार की परिवहन सेवाएं भी बंद रहीं। अब सरकार 25 जून से परिवहन निगम की बस सेवा शुरू कर रही है। तीन माह के लॉकडाउन में परिवहन निगम को करोड़ों का नुकसान हुआ है। अकेले टनकपुर क्षेत्र को हुए घाटे का आंकड़ा देखा जाए तो यह आंकड़ा 25 से 30 करोड़ के बीच है।
मंडलीय प्रबंधक पवन महरा ने बताया कि लॉकडाउन से पूर्व तक टनकपुर क्षेत्र के तीनों डिपो में (टनकपुर, पिथौरागढ़ व लोहाघाट) में 241 बसें ऑन रोड थी, जिनमें टनकपुर डिपो में 123, लोहाघाट में 40 और पिथौरागढ़ में 78 बसों का नियमित रूप से संचालन हो रहा था। उनके मुताबिक तीनों डिपों को हर दिन 25 से 30 लाख रुपये की आय हो रही थी। मां पूर्णागिरि मेले के कारण इन चार महिनों में आय का यह आंकड़ा और अधिक होता।
विज्ञापन

-
प्रवासियों को लाने में भी हुआ लाखों खर्च
लॉकडाउन में फंसे प्रवासियों को घरों तक पहुंचाने में भी रोडवेज को खर्च की मार झेलनी पड़ी है। निगम के चालक-परिचालक और अन्य कर्मचारियों ने भी योगदान दिया लेकिन सरकार की ओर से निगम को प्रवासियों को लाने में हुए खर्च का भुगतान नहीं किए जाने से कर्मचारियों का दो माह के वेतन का भी भुगतान लटका है।
--
पिथौरागढ़ में छह रूटों में शुरू होगी रोडवेज बस सेवा
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में आज से छह रूटों पर रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। इस संबंध में डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बसों में सिर्फ 50 प्रतिशत यात्री ही आवाजाही कर सकेंगे। बसों में बैठने से पहले प्रत्येक यात्री के हाथों को सैनिटाइज किया जाएगा। साथ ही एंचोली में आने व जाने वाले प्रत्येक यात्री की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।
डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि बृहस्पतिवार से पिथौरागढ़- टनकपुर, धारचूला -टनकपुर, पिथौरागढ़-धारचूला, पिथौरागढ़-नैनीताल, पिथौरागढ़- हल्द्वानी और पिथौरागढ़-अल्मोड़ा रूट पर बसें संचालित की जाएंगे। बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बसों में यात्रियों को बिठाने के सामाजिक दूरी के नियमों का पालन किया जाए। इस मौके पर एडीएम आरडी पॉलीवाल, एसडीएम तुषार सैनी, एआरटीओ नवीन सिंह, सीओ आरएस रौतेला मौजूद रहे।
--
रोडवेज की बसों में 67 प्रतिशत बढ़ा किराया
पिथौरागढ़। एआरएम आरके आर्या ने बताया कि रोडवेज की बसों में करीब 67प्रतिशत किराया बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि मशीनों में बसों का किराया निगम मुख्यालय से ऑनलाइन फीड कराया जाता है। जिस कारण कनफर्म किराया पता नहीं चल पाया है।
--
टनकपुर से चार बसों का होगा संचालन
टनकपुर। राज्य परिवहन निगम बोर्ड के फैसले के बाद बृहस्पतिवार से टनकपुर डिपो से चार, पिथौरागढ़ डिपो से तीन और लोहाघाट डिपो से दो बसों का संचालन शुरू होगा। एआरएम संचालन केएस राणा ने बताया कि बृहस्पतिवार को टनकपुर से दो बसें हल्द्वानी और एक-एक बस नैनीताल व काशीपुर के लिए चलेंगी। आरएम पवन महरा के मुताबिक पिथौरागढ़ से टनकपुर, हल्द्वानी, अल्मोड़ा के लिए एक-एक और लोहाघाट से हल्द्वानी और पिथौरागढ़ के लिए एक-एक बसों का संचालन होगा। बताया कि यात्रियों की संख्या के आधार पर बसों की संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकती है।
----
एआरएम ने किया बस स्टेशन का निरीक्षण
चंपावत। कोरोना महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए अनलॉक-1 में मिली छूट के बाद बृहस्पतिवार से रोडवेज की बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। चंपावत जिले के लोहाघाट डिपो की ओर से नैनीताल और हल्द्वानी तक दो बसें चलाई जाएंगी। बुधवार को रोडवेज के एआरएम आरके आर्या ने चंपावत में रोडवेज बस स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बसों की क्षमता की आधी सवारियां ही भरी जाएंगी। तीन यात्रियों वाली सीट पर दो तथा दो यात्रियों वाली सीट पर एक ही यात्री को बैठाया जाएगा। बताया कि लोहाघाट-नैनीताल बस सेवा का संचालन लोहाघाट बस स्टेशन से सुबह नौ बजे किया जाएगा। जबकि लोहाघाट-हल्द्वानी बस सेवा का संचालन सुबह दस बजे से किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें