बाराकोट में छह दिवसीय लड़ीधुरा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया है। महोत्सव में स्कूली बच्चों ने आकर्षक झांकियां निकाली गई। इस मौके पर पिथौरागढ़ की पर्वतीय सांस्कृतिक एवं साहित्य कला समिति की हिलजात्रा में लखिया भूत की शानदार प्रस्तुति दी। जो सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
रविवार को ब्लाक प्रमुख निर्मल माहरा की अध्यक्षता में मुख्य अतिथि वित्त, पेयजल मंत्री प्रकाश पंत और विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने दीप जलाकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि यहां के युवाओं ने पूर्वजों की विरासत को संजोकर इस मेले को महोत्सव का रूप देकर क्षेत्र को नई पहचान दी है। इससे पूर्व जीआईसी, एल्पाइन कानवेंट स्कूल, विवेकानंद विद्या मंदिर, एलीट चिल्ड्रन एकेडमी आदि के बच्चों ने नगर के मध्य से रामलीला मंच तक आकर्षक झांकियां निकालकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता, स्कूल चलो, पर्यावरण संरक्षण, धूम्रपान निषेध का संदेश दिया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष नगेंद्र जोशी ने कहा कि जन सहयोग से महोत्सव की ख्याति दूर-दूर तक फैल रही है। पूर्व दर्जा मंत्री हयात सिंह माहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमेश कलखुड़िया, पूर्व अध्यक्ष नरेश करायत, बाराकोट मंडल अध्यक्ष राजू अधिकारी, महामंत्री नवीन बोहरा, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोहित पाठक, श्याम ढेक, कैलाश पांडेय, गोविंद वर्मा, सतीश पांडेय आदि मौजूद थे।
झांकी में काकड़ प्रथम
महोत्सव के उद्घाटन अवसर पर निकली स्कूली बच्चों की झांकी के प्राथमिक वर्ग में ग्राम सभा काकड़ ने पहला, यूनिर्वसल पब्लिक स्कूल बापरू ने द्वितीय और एलीट चिल्ड्रन ऐकडमी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सीनियर वर्ग में जीआईसी मऊ ने पहला, अल्पाइन कांवेन्ट पब्लिक स्कूल लोहाघाट ने दूसरा और विवेकानंद विद्या मंदिर पम्दा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
महोत्सव में आज
सुबह 6 बजे बैडमिंटन प्रतियोगिता।
सुबह 10 बजे से चित्रकला प्रतियोगिता प्राथमिक,जूनियर, सीनियर।
सुबह 11 बजे से सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिता, प्राथमिक, जूनियर,सीनियर।
सुबह 11.30 बजे से निबंध प्रतियोगिता।
सुबह 11.30 से वॉलीबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन।
अपरान्ह 1 बजे से मेंहदी प्रतियोगिता।
अपरान्ह 2:30 से व़िद्यालयों की सांस्कृतिक प्रतियोगिता।
शाम 5:30 बजे से डांस प्रतियोगिता।
शाम 7 बजे से सांस्कृतिकदलों के कार्यक्रम।
विकास है सरकार की प्राथमिकता :प्रकाश
लोहाघाट (चंपावत)। प्रदेश के वित्त व पेयजल मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि संतुलित विकास सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। बाराकोट में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोहाघाट में कोलीढेक झील के निर्माण के साथ क्वैराला घाटी पंपिंग से बन रही चंपावत पुनर्गठन पेयजल योजना के काम में तेजी लाएगी। इसके अलावा बाराकोट एवं पाटी में भी पेयजल योजनाओं का निर्माण किया जाएगा। कहा कि कोलीढेक झील के निर्माण के लिए प्रथम किस्त के रूप में धनराशि अवमुक्त हो गई है। कहा कि पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए चाल खालों, जल संग्रहण के लिए लोगों को प्रेरित करने के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सरकार प्रयासरत है। सरकार पारदर्शिता के साथ विभिन्न विकास कार्यों को कर रही है। इस अवसर पर विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, ब्लाक प्रमुख निर्मल महरा आदि मौजूद थे।