टनकपुर (चंपावत)। हरेला क्लब के उत्तरायणी मेले में कुमाऊंनी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जबरदस्त धूम रही। दर्शकों की भीड़ देर रात तक कलाकारों के साथ देर रात तक थिरके। एसडीएम अनिल चन्याल ने भी अपनी कला, आवाज का जादू बिखेरा। उन्होंने कुमाऊंनी गीत यो ताली ताल-योग गौरी छाल की गीत सुनाकर लोगों को थिरकने के लिए मजबूर किया।
शहर के गांधी में आयोजित मेले के दूसरे दिन सोमवार को भी सुबह से ही मेला स्थल में लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। दोपहर तीन बजे से मेले में शुरू हुई कुमाऊंनी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम देर रात तक रही। शाम होते ही कुमाऊं के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति का सिलसिला शुरू हुआ। नैनीताल के हास्य कलाकार शिरोमणी पंत ने जहां श्रोताओं को कुमाऊंनी भाषा में अपनी हास्य कला से जमकर हंसाया। वहीं गजेंद्र सिंह राणा स्टार नाइट में कलाकारों की प्रस्तुति ने लोगों को देर रात तक बांधे रखा। अल्मोड़ा के हिमाद्रि नट क्लब के कलाकार प्रकाश बिष्ट, अमित गोस्वामी जितेंद्र भट्ट, सरु संगीत कला केंद्र चंपावत के कलाकारों ने भी रंगारंग प्रस्तुति से समां बांधा।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच क्लब द्वारा क्षेत्र के प्रबुद्ध, गणमान्य नागरिकों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ ही लोगों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद चखा। बच्चों ने भी मेले में लगे हवाई झूले, मिक्की माउस का लुत्फ उठाया। आयोजन में क्लब के अध्यक्ष धर्मेंद्र चंद, सचिव अजय गुरुरानी, दीनदयाल धामी, डॉ. वीके जोशी, डॉ. दिनेश चंद्र पाठक, एडवोकेट एलडी गहतोड़ी, शंकर गड़कोटी, देवी दत्त जोशी, कैलाश गड़कोटी, रवींद्र पांडेय, धीरेंद्र खर्कवाल, हेमंत कलखुड़िया, प्रदीप देउपा, अजय देउपा, किशोर खर्कवाल आदि ने सहयोग दिया।
डांस प्रतियोगिता में एमडीएम, विजन, एबीसी अल्मा मैटर स्कूल अव्वल
टनकपुर। उत्तरायणी मेले में निकाली गई झांकी में नंदा कॉन्वेंट, एमडीएम एजुकेशनल एकेडमी स्कूल की झांकी प्रथम रही। अंतरविद्यालयी सब जूनियर एकल नृत्य में एमडीएम एजुकेशनल एकेडमी प्रथम, एबीसी आल्मा मैटर द्वितीय, विवेकानंद विद्या मंदिर तृतीय रहा। सब जूनियर ग्रुप डांस में विजन पब्लिक स्कूल, एबीसी अल्मा मैटर, एमडीएम एजुकेशनल एकेडमी क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रहे। जूनियर एकल डांस में एमडीएम प्रथम, एबीसी अल्मा मैटर द्वितीय, न्यू लाइट सैनिक स्कूल रहा। जूनियर ग्रुप डांस में एबीसी अल्मा मैटर स्कूल, नंदा कॉन्वेंट स्कूल, एमडीएम एजुकेशनल एकेडमी स्कूली क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रहे। जमुना महर, कल्पना आर्य, विनय पाठक, स्मृति नेगी निर्णायक थे।