कोलीढेक में निर्माणाधीन झील में की जा रही रॉक एंकरिंग।
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर के पास कोलीढेक में निर्माणाधीन बहुउद्देश्यीय जलाशय (झील) निर्माण का कार्य छह महीने में पूर्ण हो जाएगा। कार्यदायी संस्था सिंचाई विभाग की ओर से झील निर्माण के कार्य में तेजी लाई जा रही है।
विधायक पूरन सिंह फर्त्याल की पहल पर नवंबर 2018 में कोलीढेक झील का निर्माण कार्य शुरू हो गया था। 27.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कोलीढेक झील में रोड कटिंग, रोड साइड दीवार निर्माण, डैम फाउंडेशन कटिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि रॉक एंकरिंग का 80 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। शासन की ओर से झील निर्माण के लिए करीब 14 करोड़ रुपये अवमुक्त हो चुके हैं। बरसात में कार्य की गति प्रभावित हो रही है।
कोलीढेक झील में झील की लंबाई 1550 मीटर, चौड़ाई 125 मीटर, गहराई 21 मीटर है। झील निर्माण में करीब 11 हेक्टेयर क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। झील के डूब क्षेत्र में करीब 600 लोगों की करीब 9.512 हेक्टेयर नाप भूमि आएगी, जबकि करीब साढ़े चार हेक्टेयर वन भूमि डूब क्षेत्र में आएगी। डूब क्षेत्र में 715 पेड़ आ रहे हैं। डूब क्षेत्र में आ रही नाप भूमि का करीब 80 फीसदी मुआवजा सिंचाई विभाग बांट चुका है।
कंक्रीट और रोड की फिनिशिंग का कार्य शेष
लोहाघाट (चंपावत)। सिंचाई विभाग के जेई अमित उप्रेती ने बताया कि 27.14 करोड़ रुपये से बनने वाली इस झील में करीब 14 करोड़ रुपये अवमुक्त हो चुके हैं। उप्रेती ने बताया कि झील में डैम की कंक्रीट, रोड की फिनिशिंग का कार्य बचा है। मौसम अनुकूल होने पर छह माह के भीतर झील निर्माण का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।