स्वतंत्रता संग्राम सेनानी काली कुमाऊं के शेर स्वर्गीय हर्षदेव ओली की नगरी खेतीखान में पांच दिनी दीप महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने आकर्षक झांकी निकाली। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेलकूद प्रतियोगिताएं भी होंगी।
्र
बृहस्पतिवार को मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुषमा फर्त्याल ने महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान दीप महोत्सव प्रांगण से बेड़ागांव, सुनारगांव होते हुए आकर्षक झांकी निकाली गई। सबसे आगे की झांकी में पिथौरागढ़ से आए मशहूर छलिया दल भीम राम एंड पार्टी के छलिया नर्तक पहाड़ की सांस्कृतिक धरोहरों के संवर्द्धन का कार्य कर रहे थे। उनके पीछे झांकी में विवेकानंद विद्यामंदिर की छात्राएं कलश के साथ थीं। जीआईसी के छात्र-छात्राओं ने अंधविश्वास हटाइए और विज्ञान बढ़ाइए की थीम पर झांकी निकाली। शिशु मंदिर खेतीखान ने 1857 की क्रांति, ओम पब्लिक स्कूल के नौनिहालों ने राधा-कृष्ण की रासलीला का सुंदर प्रस्तुतीकरण किया।
महोत्सव में लगी दुकानों का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष एवं महोत्सव समिति के संरक्षक हिमेश कलखुड़िया ने किया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष मुकेश राज देउपा ने बताया कि महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा खेल और शैक्षिक कार्यक्रम भी होंगे। इस दौरान समिति के सुमित कलखुड़िया, मनोज माहरा, जगदीश भट्ट, नारायण सिंह, प्रियंका गड़ाकोटी, कुलदीप बोहरा आदि मौजूद रहे।