मल्ला बापरू में गांव के ही एक व्यक्ति ने अधेड़ पर लाठियों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने हत्यारोपी की भी जमकर पिटाई की। हत्या आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अलबत्ता आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।
थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी ने बताया कि पांच जून की रात लक्ष्मण सिंह (47) पुत्र त्रिलोक सिंह अपने घर जा रहा था। घर से करीब 100 मीटर पहले एक पेड़ की आड़ में पहले से ही घात लगाकर बैठे कुंवर सिंह पुत्र भवान सिंह ने लक्ष्मण पर लाठियों से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे। बीच बचाव कर लक्ष्मण को छुड़ाया और तुरंत लोहाघाट के राजकीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद लक्ष्मण सिंह को हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने कुंवर सिंह की खूब पिटाई की। मृतक लक्ष्मण सिंह के भाई हयात सिंह ने थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 के तहत कुंवर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। साथ ही आरोपी कुंवर सिंह को तुरंत गिरफ्तार भी कर लिया गया। थानाध्यक्ष रतूड़ी ने बताया कि आरोपी कुंवर सिंह को उपचार के लिए लोहाघाट अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
डा. एमएल अग्रवाल और डा. फरीदुज्जफर ने लक्ष्मण सिंह का पोस्टमार्टम किया, जिसमें अधिक रक्तस्राव से लक्ष्मण की मौत की पुष्टि हुई। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बहरहाल इस घटना से गांव में सनसनी फैली हुई है। मामले की जांच स्वयं थानाध्यक्ष मनोज रतूड़ी कर रहे हैं।