पिथौरागढ़। नर्सिंग कॉलेज सभागार में केंद्र सरकार की किलकारी और मोबाइल अकादमी कार्यक्रम को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। किलकारी कार्यक्रम के राज्य प्रतिनिधि डॉ. अखिलेश त्रिपाठी ने कहा कि किलकारी कार्यक्रम गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए सरकार की संचालित मोबाइल आधारित निशुल्क सेवा है।
लाभार्थी को सरकार के नंबर 01244451660 से गर्भावस्था और नवजात बच्चे के स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी सलाह फोन काल के माध्यम से साप्ताहिक रूप से प्राप्त होती है। लाभार्थी अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 14423 डायल करके किलकारी के संदेश सुन सकते हैं। आशा कार्यकर्ताओं को मोबाइल आधारित प्रशिक्षण कोर्स मोबाइल अकादमी की जानकारी देते हुए कहा कि वह अपने मोबाइल फोन से गर्भावस्था और नवजात बच्चे के स्वास्थ्य से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं।
सीएमओ डॉ. संतोष सिंह नबियाल ने कहा कि किलकारी सेवा के माध्यम से गर्भवती और धात्री महिलाओं को समय से सटीक स्वास्थ्य जानकारी उनके मोबाइल पर घर बैठे ही मिलती है। डॉ. नबियाल ने कहा कि स्वास्थ्य कर्ताओं की ओर से लाभार्थियों को किलकारी कार्यक्रम के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आपदा की दृष्टि से जिले में सभी स्वास्थ्य संबंधित तैयारियां सुनिश्चित करने और हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का प्रसव और रेफर करने के लिए निर्देशित किया गया है। इस दौरान आशा कार्यक्रम के जिला समन्वयक भास्कर जोशी, जिला डाटा मैनेजर पंकज अवस्थी, जिला आईईसी समन्वयक पंकज पांडे, जिला लेखा प्रबंधक इंदु भास्कर मौजूद रहे।