राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिन्याड़ी के पास भिड़ी रोडवेज और केमू की बस।
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर रोडवेज और केमू बस में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में दो यात्री घायल हो गए, इन्हें टनकपुर अस्पताल में इलाज के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। गनीमत रही कि टक्कर के बाद बस खाई में नहीं गिरी, वर्ना बड़ा हादसा हो सकता था।
चल्थी पुलिस चौकी के प्रभारी विनोद जोशी ने बताया कि शनिवार अपरान्ह करीब दो बजे एनएच पर अमरूबैंड के पास रोडवेज बस (यूके 07/पीए 1939) और केमू (यूके 05/सीए 0083) बस में भिड़ंत हो गई। हादसे के वक्त रोडवेज बस में 17 यात्री सवार थे। हादसे में रोडवेज बस में सवार नानकमत्ता निवासी तुलसी महर (34) और गंगोलीहाट जीजीआईसी के कर्मचारी शिवदयाल को गंभीर चोट आई है। बताया गया कि बस में सवार अन्य कुछ यात्री भी मामूली रूप से चोटिल हुए जो बगैर इलाज कराए गंतव्य को रवाना हो गए।
सूचना पर 108 वाहन से घायल यात्रियों को टनकपुर संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। चिकित्सा अधीक्षक डा. एचएस ह्यांकी ने बताया कि अस्पताल पहुंचे दोनों घायल यात्रियों को इलाज के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया है। टनकपुर डिपो की रोडवेज बस बेड़ीनाग से टनकपुर जा रही थी, जबकि केमू की बस फौजियों को बनबसा छोड़कर पिथौरागढ़ लौट रही थी।