बनबसा (चंपावत)। पूर्व सैनिक कल्याण समिति की बैठक में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में वन रैंक वन पेंशन द्वितीय संशोधन पर भी चर्चा की गई। नेपाली ड्रायपोर्ट (सूखा बंदरगाह) तक बनने वाली सड़क निर्माण में कार्यदायी संस्था से स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने की मांग उठी।
समिति अध्यक्ष कैप्टन भानी चंद की अध्यक्षता और पूर्व सैनिक जिला पंचायत सदस्य पुष्कर दत्त कापड़ी के संचालन में हुई बैठक में कारगिल विजय दिवस मनाने का फैसला हुआ। 26 जुलाई को बनबसा स्थित कारगिल शहीद खीम सिंह कुंवर स्मारक पर विजय दिवस मनाया जाएगा। इसमें देश के सैनिक शहीदों को दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी जाएगी। पूर्व सैनिकों ने नेपाली ड्रायपोर्ट तक भारतीय क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था की ओर से स्थानीय मजदूरों को काम न देने पर नाराजगी जताई गई। उन्होंने प्रशासन और एनएचएआई से स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने की मांग की है। बैठक में कैप्टन गोविंद बल्लभ भट्ट, कैप्टन अमर सिंह, कैप्टन हरीश कापड़ी, कैप्टन गणेश पाल, हवलदार भूपाल दत्त भट्ट, सोबन सिंह आदि थे। संवाद