लोहाघाट (चंपावत)। नगर के शिवालय मंदिर में होने वाला 11 दिनी 50 वां श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव कोरोना संक्रमण के चलते स्थगित कर दिया गया है। इस दौरान मंदिर में मात्र तीन पुरोहितों द्वारा विभिन्न अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इस वर्ष मंदिर में कथा और भंडारे का आयोजन नहीं होगा।
महोत्सव के मुख्य आयोजक और मंदिर के मठाधीश स्वामी मोहनानंद ने बताया कि इस साल महोत्सव ने 49 साल पूरे कर 50वें साल में प्रवेश किया है। बताया कि कोरोना के चलते इस वर्ष महोत्सव को खंडित होने से बचाने के लिए मात्र तीन ब्राह्मणों की ओर से दो से 12अगस्त तक प्रतिदिन कलश पूजन, गौरी गणेश पूजन, मातृका, षोडशमातृका, नवग्रह, दशदिक्पाल, वास्तु, सर्वतोभद्र, लिंगतोभद्र, पंचदेव, शिवपरिवार, व्यासपीठ, पुस्तक, व्यास एवं ब्राह्मण पूजन सहित शिव महापुराण के 24 हजार श्लोकों का मूलपाठ किया जाएगा। जन्माष्टमी के दिन श्रीकृष्ण भगवान का षोडशोपचार पूजन हवन एवं पूर्णाहुति विसर्जन आदि किया जाएगा। स्वामी ने कहा कि यज्ञ स्थल पर किसी भी श्रद्धालु को आने की अनुमति नहीं होगी। एसडीएम आरसी गौतम का कहना है कि महोत्सव के आयोजकों को सरकार की गाइड लाइन के अनुसार दिशा निर्देश दे दिए हैं।