टनकपुर (चंपावत)। पाकिस्तान में सर्जिकल अटैक के बाद भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा तंत्र खासा अलर्ट है। सीमा पार से हो रही आवाजाही पर सुरक्षा तंत्र पैनी नजर रख रहा है। बृहस्पतिवार को एसएसबी और पुलिस के जवानों ने ज्वाइंट कांबिंग कर बॉर्डर का चप्पा-चप्पा छाना। इस दौरान रास्ते में मिले लोगों से सीमांत की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली।
एसएसबी के कमांडेंट केसी राणा के निर्देश पर बूम में तैनात एसएसबी की 57वीं वाहिनी की सी कंपनी और पुलिस टीम ने बूम पूर्णागिरि से लगे नेपाल बॉर्डर में सघन कांबिंग की। कंपनी कमांडर केशव राम ने बताया कि उचौलीगोठ से बूम तक सीमा से लगे जंगल में सघन कांबिंग की गई। उन्होंने कहा कि कश्मीर में आतंकी हमले और भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद सीमा पर खासी चौकसी बरती जा रही है।
जंगल के चोर रास्तों से आवाजाही करने वालों को गहन पूछताछ के बाद छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि कांबिंग के दौरान फिलहाल बॉर्डर पर कोई संदिग्ध गतिविधि के बारे में जानकारी नहीं मिली। कांबिंग दल में पुलिस उपनिरीक्षक दामोदर भट्ट, एसएसबी जवान भगवती प्रसाद, सुनील प्रजापति, गंगाराम, लखविंदर सिंह, पुलिस जवान दीपक सिंह आदि शामिल थे।