टनकपुर-पिथौरागढ़ राजमार्ग पर सड़क के बीचोंबीच खड़ा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एनएच कार्यालय लोहाघाट के पास एक ट्रक की कमानी टूटने से वह सड़क के बीचोंबीच खड़ा हो गया। चालक की सूझबूझ से यह वाहन खाई गिरने से बाल बाल बच गया। सड़क के बीचों बीच ट्रक के खड़े होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन घंटे तक जाम जाम लग गया। एनएच की ओर से सड़क के बगल से खेत काटकर वाहनों को जाने के लिए अस्थाई रास्ता बनाए जाने के बाद यातायात सुचारु हुआ।
बुधवार को सुबह करीब सात बजे पिथौरागढ़ से टनकपुर की ओर जा रहे ट्रक नंबर यूके 05सीए-1367 की लोहाघाट से पांच किमी दूर एनएच कार्यालय के पास एकाएक कमानी टूट गई। जिससे वह अनियंत्रित हो गया, चालक ने अपनी सूझबूझ के चलते ट्रक पर काबू पाया। सड़क के बीचोंबीच ट्रक के खड़ा होने पर पिथौरागढ़ और लोहाघाट को आने जाने वाले वाहन जाम में फंस गए। जाम लगने की सूचना मिलने पर पिथौरागढ़ से आने वाले वाहन राइकोट-चांदमारी बाईपास से होते हुए लोहाघाट मुख्य सड़क पर पहुंचे। इधर लोहाघाट से पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन बाराकोट मार्ग और राईकोट मार्ग से गए। सूचना पर पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। एनएच के ईई एलडी मथेला के दिशा निर्देशन में करीब 10:30 बजे एनएच ने अपनी जेसीबी से कार्यालय के किनारे अस्थायी सड़क बनाकर वाहनों के पास होने के लिए जगह बनाई। तब जाकर यातायात सुचारु हुआ। देर शाम तक ट्रक की कमानी न लगने के कारण वह सड़क पर खड़ा रहा।