गुवाहाटी में आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता ज्योति बिष्ट कोच दीपक के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
गुवाहाटी में आयोजित हुई राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता में लोहाघाट की ज्योति बिष्ट ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर राज्य का नाम रोशन किया है। ज्योति का चयन मलयेशिया एशियन कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। ज्योति की इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है।
जिला स्पोर्ट्स कराटे डो एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष और उत्तराखंड सोबोकान कराटे चीफ लक्ष्मण सिंह बिष्ट और ज्योति के कोच दीपक अधिकारी ने बताया कि पांच से आठ अप्रैल तक गुवाहाटी के नेहरू इंडोर स्टेडियम में कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया की पहल पर आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के अंडर-59 भार वर्ग की कुमीते में ज्योति ने स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
ज्योति ने फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन कर आसाम की खिलाड़ी को मात दी। कराटे चीफ लक्ष्मण बिष्ट ने बताया कि ज्योति का चयन अप्रैल में होने वाली मलयेशिया एशियन कराटे चैंपियनशिप के लिए हुआ है। ज्योति के क्षेत्र में पहुंचने पर उसका सार्वजनिक तौर पर सम्मान किया जाएगा।
ज्योति की सफलता पर विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, एसपी धीरेंद्र गुंज्याल, प्रहलाद सिंह मेहता, कर्मवीर, विजय माहरा, दान सिंह करायत, बीबी पांडेय, विश्वनाथ मुरारी आदि ने बधाई दी है।