पाटी (चंपावत)। खेतीखान की नव विवाहिता किरन को इंसाफ के लिए खेतीखान और पाटी क्षेत्र के लोग गुस्से में हैं। ग्रामीणों ने मंगलवार रात को दोनों जगह मोमबत्ती जलाकर किरन के हत्यारों को कठोरतम सजा देने की मांग की।
खेतीखान में जिला पंचायत सदस्य विजय बोहरा, पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख सुशीला बोहरा, सीएल वर्मा, आलोक वर्मा, राजू देउपा, विवेक पुजारी, मुकेश देउपा, जीवन जोशी, सुमित कलुखड़िया, कुलदीप सिंह, सूरज आदि ने किरन को श्रद्धासुमन अर्पित कर त्वरित इंसाफ मांगा।
वहीं पाटी में बबलू पाटनी, वीरेंद्र लडवाल, देवेंद्र लडवाल, दीपक बिष्ट, मयंक गहतोड़ी, मयंक जोशी, दीपक भट्ट, रजत सिंह, प्रदीप जोशी, राहुल लडवाल, कपिल बिष्ट, नरेंद्र बिंष्ट, पूजा बिष्ट, नीरज, रेनू आदि ने दहेज के लोभियों पर कड़ी कार्रवाई कर किरन के लिए न्याय की गुहार लगाई।
मुंह दबा कर हुई नव विवाहिता किरन की हत्या
लोहाघाट (चंपावत)। नवविवाहिता किरन को मुंह दबाकर मारा गया था। जांच अधिकारी सीओ अशोक कुमार सिंह ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मिले साक्ष्यों के आधार पर इसका खुलासा किया है। हालांकि हत्या के दोनों आरोपियों (पति और सास) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
खेतीखान के डिंग्डवाल गांव निवासी राजेंद्र सिंह बोहरा की पुत्री किरन (21) की शादी तीन माह पूर्व 10 मार्च को पाटन-पाटनी क्षेत्र के जोड्या निवासी कुलदीप सिंह बिष्ट के साथ हुई थी। शनिवार रात करीब एक बजे संदिग्ध हालात में किरन की मौत हो गई थी।
मृतका के गले में निशान भी मिले थे। किरन के पिता राजेंद्र सिंह की तहरीर पर पुलिस ने किरन के पति कुलदीप और सास हीरा पर दहेज हत्या के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 बी और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष मनीष खत्री ने दोनों को घटना के अगले दिन ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं चार सदस्यीय डॉक्टरों के पैनल की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी मिल चुकी है। इस रिपोर्ट में मौत की वजह ऑक्सीजन की कमी बताई गई है।
सीओ अशोक कुमार सिंह का कहना है कि इस रिपोर्ट और गले में पड़े निशान से यह साफ है कि किरन को मुंह दबाकर मारा गया है। किरन के गांव डिंग्डवाल के लोगों ने भी जल्द से जल्द आरोपियों को सजा दिलाने की मांग की है।
आरोपी कुलदीप पर निलंबन की तलवार
चंपावत। पत्नी किरन की हत्या का आरोपी कुलदीप सिंह बिष्ट यहां जिला निर्वाचन विभाग कार्यालय में वरिष्ठ सहायक पद पर तैनात था। घटना वाले दिन शनिवार रात से पहले भी वह कार्यालय आया था।
हालांकि मुकदमा और गिरफ्तारी के बाद से उस पर निलंबन की तलवार भी लटक रही है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नैन सिंह माहरा ने बताया कि लिपिक कुलदीप सिंह बिष्ट की गिरफ्तारी की सूचना पुलिस ने औपचारिक रूप से दे दी है। इसलिए राज्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेज आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।