बेटी की संदिग्ध मौत के मामले में इंसाफ की मांग को चंपावत के गांधी चौक में धरने पर बैठे पिता देवकीन?
- फोटो : CHAMPAWAT
संदिग्ध हालात में बेटी की मौत से दुखी पिता इंसाफ की आस में शनिवार को गांधी चौक पर धरने पर बैठे। पिता का आरोप है कि काशीपुर में रह रही उनकी बेटी की ससुरालियों ने हत्या की है, जबकि पुलिस आरोप को ही बेबुनियाद बता रही है।
बेटी रितु को इंसाफ दिलाने की खातिर शनिवार को धरने पर बैठे तल्ली मांदली निवासी देवकीनंदन जोशी का कहना है कि बेटी का दहेज के लिए उत्पीड़न किया गया और बाद में उसे आग लगाकर मार दिया गया।
मामले में मायके वालों की तहरीर पर काशीपुर पुलिस ने आईपीसी की धारा 304 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। चंपावत के कोतवाल सोनू सिंह का कहना है कि चंपावत पुलिस ने काशीपुर कोतवाली से जानकारी हासिल की तो पता चला कि रितु के बयान में ससुरालियों को मौत के लिए कसूरवार नहीं ठहराया गया। इधर, रितु के पिता का कहना है कि मौत में उसके पति का हाथ है।
देवकीनंदन जोशी का कहना है कि रितु का विवाह अप्रैल 2018 में चंपावत के संजय पंगरिया से हुआ था। शादी के बाद रितु पति के साथ काशीपुर में रह रही थी। होली के एक दिन बाद 22 मार्च 2019 को मायके वालों को रितु के झुलसने की बात पता चली। दस दिन तक चले इलाज के बाद 31 मार्च की शाम को रितु ने दिल्ली में दम तोड़ दिया था।