टनकपुर (चंपावत)। सिखों के प्रसिद्ध श्री रीठासाहिब गुरुद्वारे के दर्शन कर लौट रहे छत्तीसगढ़ के एक श्रद्धालु की बस से सड़क में गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। छत्तीसगढ़ के श्रद्धालुओं की एक टोली रविवार को निजी बस से सुप्रसिद्ध श्री रीठा साहिब के दर्शन करने आई थी। दर्शन के बाद रविवार की शाम लौटते समय यह बस टनकपुर-चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग मेें बेलखेत के पास पहुंची थी।
थाना लखीनगर जिला रायपुर निवासी सुरेश खेमनानी (52) पुत्र गोविंद राम बस के अंदर बैठे साथी यात्रियों को भोजन के पैकेट बांट रहे थे। बस का दरवाजा खुला होने के कारण वह अनियंत्रित होकर चलती बस से सड़क पर गिरकर घायल हो गए। साथी यात्री घायल सुरेश खेमनानी को बस से संयुक्त चिकित्सालय लाए।
जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी ने बताया कि यात्रियों ने रात में ही शव के पोस्टमार्टम की मांग की। जिस पर डीएम की अनुमति पर रात में ही पोस्टमार्टम के बाद शव उनकी पत्नी रश्मि खेमनानी को सौंप दिया गया।