पाटन-पाटनी गांव में चल रहे मां झूमाधुरी नंदाष्टमी महोत्सव में शनिवार की रात सुर संगम कलाकेंद्र नरसिंहडांडा के कलाकारों के नाम रही। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने सांस्कृतिक संध्या का दीप जलाकर शुभारंभ किया। मोहन पाटनी के संचालन में कार्यक्रम की शुरुआत जै-जै भगवती मैय्या दैंण होये गीत से की गई।
जगदीश बेड़ियाल, किशोर कांछा, अंजना, सुरेश शर्मा, ललित कुमार, प्रवीण ने पहाड़ की चेली ले कभै सुख ले नी खायो द्वि रोट गीत की भावपूर्ण अंदाज में प्रस्तुति दी। राहुल, संदीप, सूरज, निकिता, ऊषा, कमला, गीता, नेहा, रेनू, अनुपमा द्वारा गढ़वाली, कुमाऊंनी, नेपाली, राजस्थानी पंजाबी, गुजराती गीतों की प्रस्तुति के साथ दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। महोत्सव के अध्यक्ष जगदीश पाटनी की अध्यक्षता में ग्राम प्रधान सुभाष विश्वकर्मा, प्रकाश बोहरा, मुरली पांडेय, हरीश महर, मोहन राम, राजेंद्र सिंह, बसंत विश्वकर्मा, रितेश विश्वकर्मा, ललित पाटनी, योगेश पांडेय, नवीन पाटनी, सुंदरनाथ, जगदीश पांडेय आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि गोविंद सामंत, दीपक जोशी, मोहित पाठक, कैलाश पांडेय मुकेश महराना आदि मौजूद थे।
टिनशेड के लिए ढाई लाख दिए
रमक गांव के आदित्य सूर्य मंदिर प्रांगण में जारी साठी महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। मंगललेख के युवा गायक पंकज मेहरा द्वारा मां बाराही की वंदना लाख में हजार में, यो दिन संसार में, माता तेरो धाम गीत खूब सराहा गया। सांसद प्रतिनिधि विजय माहरा ने सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन किया। उन्होंने सांसद महेंद्र सिंह माहरा की ओर से टिनशेड निर्माण के लिए ढाई लाख रुपये देने की घोषणा की।
सरस्वती कला केंद्र धरसों के संतोष रसीला के नेतृत्व में आए कलाकारों ने अपने फन का जौहर दिखाया। अशोक सिंह के नेतृत्व में आई कूर्मांचल सांस्कृतिक एवं नाट्य समिति के कलाकारों ने कां छ तेरो जलेबी को डाब, अकेली किले खांची जरा हाल दे मेर खाप ओ हिमा जाग, बेबी प्रियंका, मुकेश कैलाश, गोपाल गोस्वामी ने घास काटूंलो ईजू ऊंचा डांडा मां, सास मेरी झूरी रौली मने मना मां और नैनीताल की बिमला बान, बस गै तू मेर दिले मां गीत की शानदार प्रस्तुति दी।
खटीमा के कलाकार भुवन पांडेय की प्रस्तुति नैनीताल की मधुली हिट मेर दगड़, घुमी आली धारचूला लेन मां खूब सराहा गया। महोत्सव अध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य भोला सिंह बोहरा ने मुख्य अतिथि के अलावा विशिष्ट अतिथि मनोज कालाकोटी, त्रिभुवन चम्याल, गिरीश सिंग्वाल आदि का स्वागत किया।