गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस सीमावर्ती क्षेत्रों में खास चौकसी बरतेगी। शुक्रवार को हुई अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर ने गणतंत्र दिवस के दौरान बनबसा, टनकपुर, तामली, पंचेश्वर क्षेत्र में पुलिस, एसएसबी के साथ संयुक्त रूप से गश्त करने के निर्देश दिए। इसके अलावा रोडवेज, टनकपुर रेलवे स्टेशन, भीड़ वाले इलाकों में सघनता से जांच करने को कहा गया। सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वायड का भी सहारा लिया जाएगा।
एसपी ने लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। सिप्टी में महिला के मंगल सूत्र की लूट, टनकपुर जीप चोरी, बनबसा नकबजनी मामलों के खुलासे नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। कहा कि थानेदारों एवं पुलिस कर्मियों की अपराध नियंत्रण और विवेचना की क्षमता वार्षिक प्रविष्टि (एसीआर) का आधार होगी। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी राजन सिंह रौतेला, सभी थानों के थानेदार, लाइन और एलआईयू निरीक्षक मौजूद थे।
एसएसबी को किया सतर्क
बनबसा (चंपावत)। गणतंत्र दिवस की संवेदनशीलता के मद्देनजर एसएसबी को भारत-नेपाल की खुली सीमा पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी 57वीं वाहनी के कमांडेंट केसी राना के निर्देश पर जवान जंगलों में पेट्रोलिंग कर रहे हैं। एसएसबी 57वीं वाहनी की धनुषपुल स्थित डी कंपनी को धनुषपुल से सिमलघाट तक सघन निगरानी के निर्देश मिले हैं। संवेदनशील भारत-नेपाल की खुली सीमा पर जवान जंगलों में चप्पे-चप्पे की कांबिंग के साथ संयुक्त गश्त और चेकिंग में जुटे हैं। कंपनी के सहायक सेनानायक रूपेश शर्मा और सब एरिया आर्गनाइजर जेपी आर्या के नेतृत्व में एसआई हरसुुख चौहान, एएसआई नरेंद्र कुमार शर्मा, भरत ठाकुर, दरबान सिंह, पूरन चंद आदि ने जवानों के कई दलों के साथ जंगल की निगरानी की।