गणतंत्र दिवस और राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव के तहत भारत-नेपाल सीमा को हाई अलर्ट किया गया है। सोमवार को एसएसबी और नेपाल एपीएफ (आर्म्स पुलिस फोर्स) ने सुरक्षा के तहत सीमा पर संयुक्त पेट्रोलिंग की। फिलहाल किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियां नही पाई गईं। दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा के दोनों और निवास करने वाले ग्रामीणों को भी जागरूक किया।
एसएसबी 57वीं वाहिनी के कमांडेंट केसी राना और नेपाल एपीएफ के एसपी इंद्रराज कार्की के निर्देश पर दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा पर सघन पेट्रोलिंग कर सीमा क्षेत्र का जायजा लिया। एसएसबी 57 वी वाहनी एफ कंपनी के प्रभारी असिस्टेंट कमांडेंट सी मंगेश ने बताया कि सीमा पिलर संख्या 805/1/7 से पिलर संख्या 808/6 तक संयुक्त दल ने सघन गश्त की। सीमा पर अनजान, संदिग्ध और आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के संबंध में मालूमात की गई। सीमा पर दोनों ओर निवास करने वाले ग्रामीणों को अनजान, संदिग्ध और बाहरी लोगों के दिखाई पड़ने पर सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को सूचित करने को कहा गया।
पेट्रोलिंग में एसएसबी के एएसआई ओमप्रकाश जोशी, स्वराज सिंह, नेपाल की एपीएफ के एएसआई प्रेम खत्री, केडी बाबू, एएचसी करन बुगाली के अलावा बड़ी संख्या में जवान मौजूद थे। बता दें कि भारत-नेपाल के अधिकारियों की बैठक में सीमा पर दोनों देशों ने संयुक्त पेट्रोलिंग करने पर सहमति जताई थी। नेपाल प्रशासन ने गणतंत्र दिवस और चुनाव के तहत भारतीय प्रशासन को कानून व्यवस्था कायम रखने मेें मदद का भरोसा दिया था।