लोहाघाट (चंपावत)। लोहाघाट में लगने वाले जाम से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। नगर में आए दिन रुक रुक कर लगने वाले जाम के चलते लोगों, व्यापारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बृहस्पतिवार को स्टेशन बाजार में लगे जाम में कुछ समय के लिए एंबुलेंस, स्कूली बस सहित कई वाहन फंस गए। हल्की बारिश के दौरान जाम लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगर के डाकबंगला रोड, मीनाबाजार, खेतीखान रोड आदि स्थानों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम लगने का मुख्य कारण सड़क किनारे खड़े आडे तिरछे वाहन रहते हैं।
वीवीआईपी डाक बंगला रोड पर चार पहिया वाहनों के लिए नो पार्किंग का बोर्ड लगाने के बावजूद यहां दिनभर वाहन खड़े रहते हैं। इसी प्रकार अन्य स्थानों पर भी लोग अपने वाहनों को खड़ा कर देते हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से जाम से निजात दिलाने की मांग की है।
गणाई गंगोली बाजार में दो होमगार्ड संभालेंगे यातायात
गणाई गंगोली (पिथौरागढ़)। तहसील प्रशासन ने गणाई गंगोली बाजार में यातायात व्यवस्था बनाने के लिए दो होम गार्डों की तैनाती कर दी है। अब कस्बे में लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा।
19 फरवरी 2025 के अंक में अमर उजाला ने जाम की समस्या से संबंधित समाचार प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन ने गणाई गंगोली मेन मार्केट में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए दो होम गार्डों की तैनाती कर दी है।
नायब तहसीलदार जयकृत सिंह रावत ने दोनों होम गार्डों को 28 फरवरी से देवराड़ी बोरा पड़ाव में ड्यूटी पर तैनात रहने के निर्देश दिए हैं। होम गार्ड की तैनाती के बाद कस्बे में जाम की समस्या नहीं रहेगी।