चंपावत। मेला मजिस्ट्रेट टनकपुर के एसडीएम सुंदर सिंह ने टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष से ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर सड़क पर टैक्सी-जीप का अवैध संचालन रोकने की हिदायत दी है। बताया कि अवैध रूप से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
कोटकेेंद्री के सूरज चंद्र ने मेला क्षेत्र ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर सड़क पर 40 के बजाय 80 से अधिक जीप चलाने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने पर मेला मजिस्ट्रेट ने सीओ, एआरटीओ, जिला पंचायत के एएमए से जीप का अवैध संचालन रोकने के निर्देश दिए हैं। टैक्सी यूनियन के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
तहसीलदार करेंगी पूर्णागिरि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की जांच
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम क्षेत्र में भैरव मंदिर क्षेत्र में कुछ जगह गंदे नाले से पानी की आपूर्ति करने के आरोप लगे हैं। इससे श्रद्धालुओं की भावना आहत होने और प्रदूषित पानी के उपयोग से लोगों की सेहत बिगड़ने का अंदेशा है। मामला उजागर होने पर मेला मजिस्ट्रेट टनकपुर के एसडीएम सुंदर सिंह ने तहसीलदार पिंकी आर्या को जांच अधिकारी बनाया है। इधर जल संस्थान के एई बीबी कुआर्बी का कहना है कि गंदे नाले वाले क्षेत्र से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है बल्कि नाले से पाइप लाइन गुजर रही है।
बिजली चोरी के आरोप की एसडीओ करेंगे जांच
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। पूर्णागिरि क्षेत्र में बाटनागाड़ के पास से बिजली चोरी की भी जांच होगी। ऊर्जा निगम चंपावत खंड के ईई रवि कुमार ने बताया कि टनकपुर के एसडीओ विकास भारती आरोप की जांच करेंगे। उन्होंने यह जांच जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि ठेकेदार ने इस आरोप को खारिज किया है।