चंपावत। खर्ककार्की में एक बरात में नशे में धुत दो पक्षों के बीच हुआ मारपीट का मामला थाने पहुंच गया है। तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद लोगों सहित 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बाजरीकोट से एक बरात बुधवार को खर्ककार्की पहुंची। बरात की रस्म चल रही थी, तभी कुछ दूरी पर शराब पी रहे दो पक्षों के बीच शुरू हुई बहस मारपीट में बदल गई। मारपीट में पूरन थ्वाल, मयंक पांडेय, दीपक थ्वाल, सतीश और नवीन आंशिक रूप से चोटिल हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि पूरन थ्वाल की तहरीर पर पुलिस ने बलदेव जोशी, शैलेश कापड़ी, निखिल, नीरज सहित करीब 15 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 504, 506, 323, 147 और 148 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच दरोगा पिंकी धामी कर रहीं हैं।
पॉलीहाउस क्षतिग्रस्त करने के मामले में तहरीर दी
चंपावत। चंपावत के सेलाखोला में भेषज विकास इकाई की नर्सरी में लगी पॉलीहाउस को अराजक तत्वों की ओर से फाड़े जाने के मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। भेषज विकास इकाई के सचिव कमलेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस को अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। कहा कि भेषज इकाई के दो पॉलीहाउसों को कुछ असामाजिक तत्वों ने नुकसान पहुंचाया है। ऐसे तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। कोतवाल धीरेंद्र कुमार का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। (ब्यूरो)