टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन की ओर से 38वें राष्ट्रीय खेलों में पहली बार चंपावत जिले के टनकपुर के पूर्णागिरि क्षेत्र में काली नदी में चरण मंदिर से बूम तक होने वाले राफ्टिंग डेमो आयोजन की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को एसडीएम आकाश जोशी ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और लोनिवि को सप्ताह भर के अंदर टनकपुर-जौलजीबी मार्ग की मरम्मत, मलबा सफाई, गड्ढा मुक्त और रेलिंग लगाने के निर्देश दिए।
क्षेत्र में काली नदी पर चरण मंदिर से बूम तक 29, 30, 31 जनवरी और रिजर्व एक फरवरी को राफ्टिंग डेमो प्रस्तावित है। इसके लिए अब तक खेल मंत्री रेखा आर्य, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट की तोषिता सिंह जायजा ले चुकी हैं। प्रस्तावित स्थल तक बेहतर आवागमन आदि को लेकर प्रशासन भी सक्रिय हो गया है।
एसडीएम जोशी ने लोनिवि और परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआईयू) ठूलीगाड़ के ईई आदर्श गोपाल सिंह, केएमवीएन की संयुक्त टीम के साथ टनकपुर-जौलजीबी मार्ग पर प्रस्तावित स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे और मलबा पड़ा मिला। लोनिवि पीआईयू को एक सप्ताह के भीतर सड़क को गड्ढा मुक्त और सड़क मरम्मत, रेलिंग लगाने के निर्देश दे दिए हैं।
एई बीएस पोखरिया ने बताया कि सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। इस दौरान लोनिवि पीआईयू के एई आनंद लाल आदि मौजूद रहे।