जिला सभागार में शुक्रवार को सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई जिसमें डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने अधिकारियों से कहा कि रोड सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट में दिए गए सुझावों पर बजट की प्रतीक्षा किए बगैर तत्काल अमल कर सुरक्षात्मक कार्य प्रारंभ करें।
उन्होंने कहा कि अंधे मोड़ों के आसपास चेतावनी बोर्ड स्थापित करें जिससे दुर्घटना होने से बचा जा सकें। उन्होंने सड़कों पर लटके बोल्डरों को हटाने, खतरे वाले स्थानों पर क्रश बैरियर लगाने के निर्देश दिए।
एआरटीओ ने बताया कि वाहनों के ओवर लोडिंग, ओवर स्पीड, बिना सीट बेल्ट, वाहन संचालन के समय मोबाइल प्रयोग पर लाइसेंस निरस्तीकरण और चालान की कार्रवाई गतिमान है। डीएम ने रोडवेज चालकों का प्रोफाइल तैयार करने, विद्यालय खुलने और बंद होते समय दो पहिया वाहन चालकों की सख्त चेकिंग करने तथा पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में समिति का गठन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सरकारी विभागों, स्कूल बसों, रोडवेज बसों में हो रही ओवर लोडिंग, फिटनेस, रजिस्ट्रेशन आदि को भी चेकिंग के दायरे में लाने और ओवरलोडिंग आदि पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी टीएस मर्तोलिया, उप जिलाधिकारी अनिल गब्र्याल, टनकपुर दयानंद सरस्वती, पाटी शिप्रा जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी आरसी पुरोहित, एआरटीओ रश्मि भट्ट, ईई पीएमजीएसवाई, लोनिवि, एनएच, वन सहित सभी अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।