टनकपुर (चंपावत)। एडीजे कानून व्यवस्था डाॅ. वी. मुरुगेशन ने सोमवार को मां पूर्णागिरि मेले में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मुख्य मंदिर में मां के दर्शन किए। एडीजी ने अधिकारियों को सरल, सुगम, शांतिपूर्वक और व्यवधान रहित तरीके से श्रद्धालुओं को मां पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन कराए जाने संबंधी निर्देश दिए।
एडीजी कानून व्यवस्था डाॅ. मुरुगेशन ने एसपी अजय गणपति की मौजूदगी में मां पूर्णागिरि मेले में कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था व यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बाद में उन्होंने थाना टनकपुर से ठूलीगाड़, भैरव मंदिर, काली मंदिर, एसडीआरएफ कैंप और मुख्य मंदिर तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस जवानों के रहने, खाने और ठहरने के उचित प्रबंध किए जाने संबंधी निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ बढ़ने पर कुशल भीड़ प्रबंधन कर दर्शन कराए जाने संबंधी निर्देश दिए।
उन्होंने मेला क्षेत्र में अग्निशमन कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहकर अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम, नदी के किनारे स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पूर्ण इंतजाम किए जाने, अधिक से अधिक तैराक पुलिस जवानों की नियुक्ति, यातायात व्यवस्था को सकुशल बनाए रखने, ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई करने, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन आदि स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनाती के निर्देश दिए।
मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी ने मंदिर समिति कार्यालय में एडीजी कानून व्यवस्था को मां का चित्र भेंटकर सम्मानित किया। वहां सीओ शिवराज सिंह राणा, कोतवाल चेतन रावत, मंदिर समिति उपाध्यक्ष नीरज पांडेय, सचिव सुरेश तिवारी, नवीन तिवारी, मोहन पांडेय, गिरीश तिवारी, महेश पांडे आदि पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।