परिवर्तन एक नई सोच संस्था के तत्वावधान में प्रथम दो दिनी चैत्र महोत्सव गायन, वादन और नृत्य प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी। महोत्सव में टनकपुर के अलावा हल्द्वानी, खटीमा और लोहाघाट के कलाकार छाए रहे। विजेता प्रतिभागियों को संस्था द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार भेंट किए गए।
विजन पब्लिक स्कूल के मैदान में आयोजित महोत्सव के अंतिम दिन के कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि एआरटीओ रश्मि भट्ट, विशिष्ट अतिथि हंसराज देउपा, सुभाष बगौली, डा. एलएम भट्ट ने दीप जलाकर किया।
खटीमा, हल्द्वानी, नैनीताल, लोहाघाट, चंपावत एवं टनकपुर क्षेत्र के 86 कलाकारों ने गायन-वादन एवं नृत्य प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, इनमें 36 कलाकार फाइनल मुकाबले में पहुंचे। अंडर-10 आयु वर्ग के गायन मुकाबले में विजन पब्लिक स्कूल के अभिनव चौड़ाकोटी, वादन में सौरभ पालीवाल एवं नृत्य में खटीमा की मनीषा उपाध्याय अव्वल रहीं। अंडर-16 आयु वर्ग के गायन में लोहाघाट की मेघा चौबे, वादन में लोहाघाट के ही अक्षत कलखुड़िया, नृत्य में खटीमा की रश्मि महर ने बाजी मारी।
ओपन आयु वर्ग गायन में हल्द्वानी के ध्रुव पांडेय, नृत्य में टनकपुर के शाश्वत ने प्रथम स्थान जीता। निर्णायक मंडल दिल्ली से आए तानसेन संगीत समिति एवं इंटरनेशनल स्कूल ऑफ म्यूजिक के संगीताचार्य सोमिश चटर्जी, लोहाघाट के प. अनूप कौशल, टनकपुर के पं. अनिल पालीवाल, शम्मी कोहली, आशीष, केवि वन संगीत शिक्षिका शैफाली माहेश्वरी शामिल थे। संस्था के अध्यक्ष नवलकिशोर तिवारी एवं सदस्यों ने सहयोगियों का आभार जताया। आयोजन में डा. एलबी शर्मा, डा. नवीन जोशी, शैलेंद्र सिंह, दीपक राय, करन शर्मा, सुभाष कोहली, हरीश कोहली आदि ने सहयोग दिया।
कलाकारों को निशुल्क प्रशिक्षण देंगे संगीताचार्ज चटर्जी
चैत्र महोत्सव और कलाकारों की कला से गदगद हुए दिल्ली की तानसेन संगीत समिति एवं इंटरनेशनल स्कूल ऑफ म्यूजिक के संगीताचार्य सोमिश चटर्जी ने कहा कि इस क्षेत्र के बच्चे इंडियन आइडल एवं डीआईडी (डांस इंडिया डांस) जैसी प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं तो वे उन्हें निशुल्क प्रशिक्षण और दिल्ली में रहने की सुविधा उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजक संस्था ने महोत्सव का आयोजन कर उभरते कलाकारों को आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया है।