चंपावत जिले के ग्राम पंचायत जयगांव जैतोली के ग्रामीणों ने सड़क बंद होने के कारण एक बीमार बालिका को चार किमी की खड़ी चढ़ाई होते हुए मुख्य मार्ग तक डोली से पहुंचाया। यहां से उसे 108 एंबुलेंस की मदद से आठ किमी दूर जिला अस्पताल इलाज के लिए लाए। सड़क बंद होने से बीमारों, गर्भवतियों को अस्पताल लाने के लिए डोली ही एकमात्र सहारा है।
बृहस्पतिवार को नंदकुली निवासी कविता (20) पुत्री हरीश चंद्र जोशी अपने घर से नौ किमी दूर किस्कोट डेयरी में दूध पहुंचाने गई थी। वापस लौटते समय जैतोली में उसका पैर फिसल गया और वह गंभीर घायल हो गई। सूचना के बाद ग्रामीण घायल बालिका को प्लास्टिक की कुर्सी और लकड़ी की बल्ली से बनाई डोली से चार किमी की खड़ी चढ़ाई पार कर करीब एक घंटे तक पैदल चलकर मुख्य सड़क तक लाए। इसके बाद 108 वाहन से अस्पताल पहुंचाया। यहां उसका इलाज किया गया।