टनकपुर (चंपावत)। उत्तराखंड वक्फ बोर्ड ने नगर के इंतजामिया कमेटी वक्फ संख्या 266 कब्रिस्तान के शिकायती पत्र को गंभीरता से लिया है। मामले में एसडीएम से वक्फ संपत्ति में अवैध कब्जे के संबंध में जानकारी मांगी है।
डीएम नवनीत पांडे के निर्देश पर एसडीएम ने जांच शुरू कर दी है। एसडीएम आकाश जोशी ने बताया कि वक्फ की कब्जा की गई संपत्ति के रकबा की जांच कर जानकारी ली जा रही है। वक्फ बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एमएस उस्मान ने पत्र में कहा है कि इंतेजामिया कमेटी वक्फ संख्या 266 कब्रिस्तान के अध्यक्ष शादाब अंसारी, सचिव वकील अहमद की ओर से सात अप्रैल का पत्र मिला है।
इसमें अवगत कराया गया है कि वक्फ संख्या 266 कब्रिस्तान की वक्फ संपत्ति में अवैध अतिक्रमण करते हुए चार दुकानों की जगह में अवैध झोपड़ी बना रखी थी, इसे तोड़कर पक्का निर्माण कराया जा रहा है। मामले में वक्फ संपत्ति का खसरा संख्या, अवैध कब्जा की गई संपत्ति का रकबा और उक्त की सीमाएं आदि की जानकारी उपलब्ध कराए जाने के लिए संबंधित को निर्देशित करने का आग्रह किया है, जिससे इस संबंध में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा सके। संवाद