नेपाल सीमा से लगे पंथ्यूड़ा में आयोजित विधिक शिविर में जानकारियां देते सिविल जज।
- फोटो : अमर उजाला
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से नेपाल सीमा से लगे पंथ्यूड़ा गांव में विधिक साक्षरता शिविर में ग्रामीणों को कानूनी जानकारी दी गई। जूनियर हाईस्कूल पंथ्यूड़ा में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिविल जज मो. याकूब ने कानून की जानकारी को अन्याय से बचाव का महत्वपूर्ण हथियार बताया। उन्होंने ग्रामीणों को कानूनी जानकारियां देने के साथ उन्हें नशे से होने वाले नुकसानों से आगाह करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने की नसीहत दी।
अधिवक्ता भास्कर मुरारी के संचालन में हुए कार्यक्रम में जिला शासकीय अधिवक्ता रमेश उप्रेती, सुनील खर्कवाल, विद्याधर जोशी आदि ने पॉक्सो, किशोर न्याय बोर्ड, चाइल्ड हेल्पलाइन, वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियां, भांग की खेती करने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी।
प्रभारी एसीएमओ डॉ. कुलदीप यादव, द्वारिका शर्मा ने मौसमी बीमारियों के कारण और बचाव के तरीके बताए। बाल विकास विभाग ने नंदा गौरा कन्याधन योजना, टेक होम राशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पशुपालन विभाग ने पशुओं में होने वाली बीमारी, रोकथाम, टीकाकरण, स्वास्थ्य विभाग की ओर से नि:शुल्क दवा वितरण के साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।
मधुमेह के परीक्षण के साथ ही स्वास्थ्य की भी जांच की। शिविर में मायावती आश्रम की ओर से ग्रामीणों को ऊनी वस्त्र भी वितरित किए गए। शिविर में आनदेव पंत, समाज कल्याण के दीपक गहतोड़ी आदि थे।