चंपावत। जिले में कोरोना महामारी के कारण जिस तरह से लोगों के बीच दहशत का माहौल है। वहीं इसी के विपरीत समय के बीच कुछ लोग समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा को जिले के कोने-कोने में पहुंचा रहे हैं। इन्हीं में शामिल हैं जिले के सीमांत तामली जीआईसी के शिक्षक इंदुवर जोशी। जो कोरोना महामारी के कारण अपने घरों को लौटे प्रवासियों को स्वरोजगार से जोड़ने में मदद करने के साथ ही प्रवासियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से वह अब तक दस से अधिक प्रवासियों को मुर्गी पालन, गोपालन, सब्जी उत्पादन और फूलों की खेती के क्षेत्र में स्वरोजगार से जोड़ चुके हैं। बेरोजगारी की मार झेल रहे कारी ग्राम पंचायत के नवीन कुमार, चामी ग्राम पंचायत के गोपाल राम, तामली ग्राम पंचायत के दीपक सिंह, सौज ग्राम पंचायत के गिरीश बिष्ट, सुरेश बिष्ट, ललित मोहन, भुवन बिष्ट, नरेश कुमार, कौस्तुबानंद बिष्ट, टनकपुर छीनीगोठ के कमल किशोर जोशी को मुर्गी पालन, गौ पालन और पॉलीहाउस में सब्जी उत्पादन और फूलों की खेती के लिए प्रेरित करने के साथ उन्हें स्वरोजगार से जोड़ चुके हैं। शिक्षक जोशी ने सीडीओ आरएस रावत, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.पीएस जंगपांगी, डीएचओ सतीश शर्मा, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडेय आदि प्रशासनिक अधिकारियों और विधायक कैलाश गहतोड़ी के सहयोग से प्रवासियों की मदद कर चुके हैं। इंदुवर जोशी का कहना है कि उनका अगला लक्ष्य वर्तमान में लॉकडाउन के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब वर्ग के लोगों तक राशन पहुंचाना है।
पिछले लॉकडाउन में श्रमदान से बनवा चुके हैं दो किमी सड़क
चंपावत। जीआईसी तामली के शिक्षक इंदुवर जोशी की पहल पर बीते वर्ष लागू लॉकडाउन के दौरान जिला मुख्यालय के समीपवर्ती सौंज ग्राम पंचायत में श्रमदान के माध्यम से दो किमी सड़क का निर्माण किया गया है। इंदुवर जोशी की पहल पर शुरू किए गए श्रमदान की जानकारी प्रशासन और विधायक को होने पर उन्होंने शिक्षक की पीठ थपथपाते हुए सड़क बनाने में हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।(संवाद)