टनकपुर (चंपावत)। सोमवार को प्रस्तावित नेपाल सरकार की कैबिनेट बैठक अपरिहार्य कारणों ने रद्द हो गई, जिसके चलते कोरोना के कारण नौ माह से बंद भारत-नेपाल सीमा खोलने को लेकर फैसला नहीं हो पाया है। अब मंगलवार को नेपाल कैबिनेट की बैठक होगी, जिसमें सीमा खोलने या बंद रखने को लेकर फैसला होने की उम्मीद है।
नेपाल के राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक नेपाल सरकार की हर सोमवार और बृहस्पतिवार को कैबिनेट की बैठक होती है। सोमवार को प्रस्तावित बैठक किसी कारणवश नहीं हो पाई। सूत्रों के मुताबिक अब यह बैठक मंगलवार 15 दिसंबर को होगी। कोरोना के कारण नेपाल सरकार ने 15 दिसंबर तक सीमा सील रखने का फैसला लिया था। सीमा सील की अवधि खत्म होने से उम्मीद लगाई जा रही थी कि सोमवार को होने वाली नेपाल कैबिनेट की बैठक में सीमा खोलने को लेकर नेपाल सरकार फैसला ले सकती है, लेकिन नेपाल कैबिनेट की बैठक अपरिहार्य कारणों से सोमवार को नहीं हो पाई।