बनबसा से लगी नेपाल सीमा पर रविवार को तीसरे दिन भी स्थिति सामान्य नहीं हो पाई। सीमा पर दोनों ओर से वाहनों का संचालन बंद रहा, लेकिन नेपाली नागरिकों ने पैदल भारत का रुख किया। बहरहाल सीमा पर माहौल खासा सुनसान रहा।
लखीमपुर खीरी (यूपी) से लगी नेपाल सीमा पर हुए बवाल के बाद यहां पड़ोसी नेपाली शहर महेंद्रनगर में भी तनावपूर्ण स्थिति रही। शुक्रवार और शनिवार को महेंद्रनगर में भारत विरोधी प्रदर्शन हुए और बाजार बंद रहा। अलबत्ता रविवार को तीसरे दिन नेपाली बाजार खुलने के साथ वहां वाहनों का संचालन शुरू हो गया है, लेकिन नेपाली प्रशासन द्वारा भारतीय वाहनों की सुरक्षा की जिम्मेदारी न लेने से सीमा पर वाहनों का संचालन ठप रहा। नेपाल प्रशासन ने भी अपने यहां के वाहनों का संचालन सीमा तक ही किया।
रविवार को भी बनबसा बाजार की रौनक फीकी ही रही। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शंकर लाल वर्मा और पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन मित्तल ने बताया कि नेपाल बंद के चलते तीन दिनों में बनबसा का कारोबार 90 फीसदी प्रभावित हुआ है। अबीर, गुलाल, मिष्ठान और सब्जियों की बिक्री न होने से व्यापारियों को नुकसान हुआ है। कस्टम अधीक्षक एके श्रीवास्तव ने बताया कि तीन दिनों से सीमा पर होने वाला व्यापार ठप है। सीमा पर वाहन न चलने से दोनों देशों के बीच होने वाला ट्रेड बंद रहा। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि अभी सुरक्षा के तहत भारतीय वाहन चालकों को नेपाल न जाने की सलाह दी गई है।