नवनिर्मित टनकपुर-पीलीभीत बड़ी रेल लाइन का केंद्रीय संरक्षा आयुक्त एसके पांडेय ने शनिवार को निरीक्षण पूरा कर लिया है। संरक्षा आयुक्त के सुझावों पर अमल के बाद ही रेल सेवा शुरू होगी। रेलवे ने नए साल पर जनवरी के अंतिम सप्ताह तक रेल सेवा शुरू करने के संकेत दिए हैं।
पीलीभीत से टनकपुर तक 62 किमी लंबी बड़ी रेल लाइन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद केंद्रीय संरक्षा आयुक्त ने शुक्रवार से नवनिर्मित लाइन का निरीक्षण शुरू किया। शुक्रवार को मझोला से खटीमा तक निरीक्षण करने के बाद शनिवार की सुबह से उन्होंने खटीमा से टनकपुर तक लाइन का निरीक्षण शुरू किया। ट्राली से निरीक्षण करते संरक्षा आयुक्त खटीमा से देर शाम टनकपुर स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा के हर पहलु को गहनता से परखा। स्टेशनों पर तैनात स्टाफ के साथ ही क्रासिंग गेटों पर तैनात कर्मचारियों से पूछताछ कर सुरक्षा को लेकर उनके ज्ञान को भी जांचा।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण की रिपोर्ट दस दिन में रेलवे को मिल जाएगी। रिपोर्ट में उनके द्वारा दिए गए सुरक्षा सुझावों पर अमल कर हर कमी को दूर करने के बाद ही रेल सेवा शुरू की जाएगी। उम्मीद जताई है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में क्षेत्र के लोगों को बड़ी लाइन रेल सुविधा मुहैया हो जाएगी। लंबी दूरी की एक्सप्रेस रेल सेवा के बारे में पूछने पर बताया गया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने और मांग के अनुरूप ही रेल सेवा का विस्तार किया जाएगा। फिलहाल शुरू में पैसेंजर ट्रेनों का ही संचालन होगा। निरीक्षण में संरक्षा आयुक्त के साथ मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एलएम झा, मंडल रेल प्रबंध निखिल पांडेय समेत रेलवे इंजीनियरों की टीम मौजूद थी।
ट्राली से निरीक्षण किया, वातानुकूलित ट्रेन से लौटे
टनकपुर। केंद्रीय संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के दौरान वातानुकूलित समेत रेल के आठ डिब्बों की ट्रेन जैसे ही स्टेशन पर पहुंची तो इंजन की सीटी सुनाई देते ही रेल देखने के लिए लोगों की स्टेशन पर भीड़ उमड़ पड़ी। ट्रेन पहुंचने के करीब दो घंटे बाद संरक्षा आयुक्त एसके पांडेय अधिकारियों के लाव लश्कर के साथ ट्राली से लाइन का निरीक्षण करते टनकपुर पहुंचे। वे ट्रेन से वापस पीलीभीत को रवाना हुए।
नवनिर्मित प्लेटफार्म पर की पूजा-अर्चना
टनकपुर। रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद केंद्रीय संरक्षा आयुक्त एसके पांडेय ने स्टेशन में पूजा-अर्चना की। मां पूर्णागिरि धाम के पुजारी एवं मंदिर समिति अध्यक्ष पंडित भुवन चंद्र पांडेय ने नवनिर्मित प्लेटफार्म पर पूजा-अर्चना संपन्न कराई। संरक्षा आयुक्त के नारियल फोड़कर मां पूर्णागिरि से बेहतर रेल सेवा की कामना की।
पीलीभीत तक हाई स्पीड ट्रेन भी दौड़ाई
टनकपुर। केंद्रीय संरक्षा आयुक्त का बड़ी रेल लाइन निरीक्षण खत्म होने के बाद रेलवे ने टनकपुर से पीलीभीत तक हाई स्पीड ट्रेन दौड़ाकर स्पीड ट्रायल भी लिया। टनकपुर तक लाइन का निरीक्षण करने के बाद संरक्षा आयुक्त जिस वातानुकूलित ट्रेन से लौटे वह ट्रेन टनकपुर से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गई। बताया गया कि टनकपुर से यह ट्रेन महज 17 मिनट में खटीमा पहुंची।