साल के अंतिम दिन के साथ साल की बिदाई और नए साल के स्वागत को लेकर मां पूर्णागिरि धाम में रविवार को श्रद्धालुओं की खासी भीड़ उमड़ेगी। इसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा समेत सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बनबसा में खिलबितिया मंदिर एवं बाबा ब्यानधूरा मंदिर में भी 31 दिसंबर मनाने वालों का तांता रहेगा।
पूर्णागिरि धाम में देवी मां के दर्शन से नए साल की शुरुआत करने को लेकर हर वर्ष यहां दूर-दराज से श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। रविवार की दोपहर से ही मां पूर्णागिरि के धाम में आने वालों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। भीड़ के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। एसडीएम अनिल चन्याल ने बताया कि पूर्णागिरि क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के अलावा पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।
सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि पूर्णागिरि मंदिर में दर्शन की व्यवस्था एवं सुरक्षा के तहत जिले से अतिरिक्त फोर्स मंगाया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्णागिरि में भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा के तहत स्थानीय फोर्स के अलावा जिले से 10 उप निरीक्षक, 30 कांस्टेबल, 20 महिला कांस्टेबल, 5 हेड कांस्टेबल, 2 प्लाटून पीएसी के साथ ही एसएसबी के जवान तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बूम से आगे बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बड़े वाहन उचौलीगोठ बूम पार्किंग स्थल पर खड़े कराए जाएंगे। धाम क्षेत्र में मांस-मदिरा पर पूर्णरूप से प्रतिबंध लगाया गया है। इसके लिए ककरालीगेट, बूम, ठुलीगाड़ में सघन चेकिंग की जाएगी। 31 दिसंबर के नाम पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।