बनबसा सैनिक छावनी में तैनात 23 मराठा लाइट इन्फैंट्री बटालियन ने युवाओं को भारतीय सेना में कॅरिअर के लिए जागरूक करने को अभियान शुरू किया है। सैन्य अधिकारियों की टीम ने सैलानीगोठ इंटर कॉलेज में गोष्ठी आयोजित कर छात्र-छात्राओं को सेना के बारे में जानकारी दी।
23 मराठा इन्फैंट्री बटालियन के लेफ्टिनेंट जसविंदर सिंह ने कहा कि भारतीय सेना में जीडी, मेडिकल, तकनीकी आदि क्षेत्रों में बेहतर कॅरिअर है। आज युवाओं के साथ ही युवतियां भी सेना में शामिल होकर देश की रक्षा में योगदान दे रही हैं। सेना में शामिल होकर न सिर्फ देश की सेवा की जा सकती है, बल्कि अच्छा कॅरिअर भी बनाया जा सकता है।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को सेना के लिए शारीरिक मापदंड की जानकारी देते हुए सैन्य अफसर बनने के लिए तैयारी के भी टिप्स दिए। प्रधानाचार्य पीआर टम्टा ने छात्र-छात्राओं को सेना के बारे में जानकारी देने पर सैन्य अधिकारियों का आभार जताया। इस मौके पर टीसी तिवारी, शेर सिंह राजपूत, उमाशंकर गंगवार, डीके जोशी आदि मौजूद थे।