देश में चल रहे हाई अलर्ट, गणतंत्र दिवस आगमन और नेपाल की आंतरिक सुरक्षा को लेकर एसएसबी ने दोनों देशों की काउंटर पार्ट मीटिंग बुलाई। बैठक में सीमा पर संदिग्ध वारदातों से सतर्क रहने, सूचनाओं का आदान-प्रदान करने और आपसी तालमेल पर सहमति जताई।
एसएसबी 57 वीं वाहिनी की ए कंपनी में कमांडेंट केसी राना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नए साल पर पठानकोट एयरबेस में हुए आतंकी हमले पर विचार मंथन हुआ। भारत नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट के चलते सतर्क और चौकन्ना रहने का निर्णय लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर सूचनाओं का आदान प्रदान करना तय किया गया। नेपाल में चल रही उथल पुथल और भारत विरोधी दुष्प्रचार के संबंध पर भी चर्चा हुई। बैठक में नेपाल में भारत विरोधी दुष्प्रचार को गलत बताया गया। गणतंत्र दिवस के आगमन के चलते सीमा पर सुरक्षा के तहत संयुक्त ऑपरेशन चलाने, पशु तस्करी, ह्यूमन ट्रैफिकिंग, अवैध वन कटान आदि पर अंकुश लगाने पर सहमति बनी।
कमांडेट राना ने बताया कि सीमा पर किसी गैर कानूनी हरकत के लिए नजदीकी एसएसबी चेकपोस्ट की मदद ली जा सकती है। बैठक में नेपाल के एसपी तुलसी प्रसाद अधिकारी, नेपाल कस्टम अधिकारी विकास कुमार, कस्टम निरीक्षक राम प्रसाद भात्रा, एसओ नेपाल रघुनाथ भंडारी, सहायक उपनिरीक्षक पीबी खड़का के अलावा टनकपुर के सीओ आरएस रौतेला, एसएसबी के एसआई सी मघेश आदि शामिल थे।