टनकपुर से लगी नेपाल सीमा पर आवाजाही करते लोगों की सघन चैकिंग करते एसएसबी के जवान।
- फोटो : अमर उजाला
गुजरात सीमा से विस्फोटक लेकर पांच आतंकियों के भारतीय सीमा पर प्रवेश की सूचना से भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा तंत्र अलर्ट हो गया है। दोनों देशों के बीच आवाजाही करने वालों पर निगरानी के साथ ही पुलिस को वाहनों की चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया तंत्र को भी बार्डर की गतिविधियों पर खास नजर रखने को कहा गया है। बार्डर पर तैनात एसएसबी की 57वीं बटालियन को भी अलर्ट किया गया है।
एसएसबी के कमांडेंट केसी राणा ने बताया कि देश की किसी भी सीमा पर आतंकी घटनाक्रम का पता चलते ही भारत-नेपाल सीमा पर भी सुरक्षा बढ़ा दी जाती है। गुजरात बार्डर से आतंकियों की घुसपैठ की खबर का पता चलने पर यहां भी सुरक्षा तंत्र को अलर्ट कर दिया गया है।
हर बीओपी को सीमा पर पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया है। खुफिया विंग को भी सतर्क किया गया है। इसके अलावा आवाजाही करने वालों की सघन तलाश के निर्देश दिए गए हैं। विशेष कर नेपाल से भारत को आने वालों की गहनता से तलाशी लेने को कहा गया है। इधर पुलिस ने भी चौकसी बढ़ा दी है। सीओ आरएस रौतेला ने बताया कि एसपी रामचंद्र राजगुरु के निर्देश पर नेपाल से आने वाले लोगों के साथ ही वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अपने खुफिया तंत्र को भी सतर्क कर दिया है।