टनकपुर के नवयुवक डा. नवदीप जोशी दिल्ली में योग में नाम कमा रहे हैं। प्रदेश से बाहर योग की अलख जगाने वाले इस योगाचार्य ने बीते 11 वर्षों में 65 शिविर लगा लोगों को योग की खूबियों और लाभ से रू-ब-रू किया है।
नाद योग विशेषज्ञ डा. नवदीप जोशी 2004 से योग के फायदे लोगों तक पहुंचाने के लिए कैंप कर रहे हैं। योग किशोर से लेकर बुजुर्ग तक हर आयु वर्ग को लाभ देता है। योग शरीर और मन ही नहीं आत्मिक तौर पर भी व्यक्ति पर असर डालता है। मन और शरीर की स्थितियां अंतर्चेतना को प्रभावित करती है। काम, क्रोध, लोभ, मोह की प्रवृत्ति को बेलगाम होने से रोकता है। योग से इच्छाओं पर नियंत्रण होता है। होम्यापैथी डा. देवीदत्त जोशी के बेटे डा. नवदीप का कहना है कि सकारात्मक रसायनिक प्रक्रियाएं, सात्विकता के साथ आत्मबल की मजबूती व्यक्तित्व में निखार लाती है। इसका असर उसकी सेहत और सोच के नजरिए पर पड़ता है।
योगाचार्य ऑफ दि ईयर 2014 से सम्मानित डा. नवदीप बीते 11 सालों में उत्तराखंड के अलावा दिल्ली, हरियाणा, उप्र आदि राज्यों में एनएचपीसी, बीएचईएल, विभिन्न बैंकों, पुलिस, अर्द्धसुरक्षा बल, कार्पोरेट घरानों, विश्विद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों में 65 शिविरों के माध्यम से 10400 लोगों को फायदा पहुंच चुका है। योगाचार्या मंजरी जोशी भी योग चिकित्सा के जरिए लोगों के राहत पहुंचा रही है।