स्थानीय प्रशासन के कड़े रुख से टनकपुर-सितारगंज राजमार्ग के चौड़ीकरण कार्य के दौरान संचार सेवा ठप होने पर कुछ अंकुश तो लगा है, लेकिन जगह-जगह सड़क पर बने गड्ढे जी का जंजाल बन गए हैं। इससे आवागमन में लोगों को खासी दिक्कत हो रही है। वहीं, कार्यदायी संस्था इसके प्रति उदासीन बनी हुई है।
वर्तमान में हाइवे के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमें चौड़ीकरण के साथ ही जगह-जगह पानी निकासी आदि का कार्य चल रहा है। इस बीच जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने से गड्ढे बन गए हैं। वाहनों की गति थमने के साथ यात्री परेशान हैं। बीते दिनों बीएसएनएल की भूूमिगत केबल भी क्षतिग्रस्त होने के क्रम से संचार व्यवस्था प्रभावित होना शुरू हुई। एसडीएम ने एनएच एवं बीएसएनएल के अधिकारियों की बैठक लेकर फटकार लगाई थी, जिसमें तीन दिन में संचार सेवा ठीक करने एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद अब तक हाइवे के जगह-जगह बने गड्ढे दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। एनएच तात्कालिक रूप से गड्ढा भरने के प्रति मौन साधे है। एसडीएम नरेश दुर्गापाल ने कहा कि संचार सेवा बहाल कर दी गई है।