राष्ट्रीय खुफिया एजेंसियों के भारत-नेपाल सीमा पर संदिग्धों द्वारा घुसपैठ की संभावनाओं की सूचनाओं के बाद प्रशासन ने संवेदनशील सीमा पर हाई अलर्ट जारी कर दिया है। 15 अगस्त को भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट रहेगा।
नेपाल की ओर से किसी भी अनजान, संदिग्ध और अवांछनीय तत्व के भारत प्रवेश पर एसएसबी लगाम कसेगी। पुलिस को भी क्षेत्र और राष्ट्रीय संपत्तियों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसबी 57 वीं वाहनी के कमांडेंट एलपी उपाध्याय ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस और आगे एक पखवाड़े तक भारत नेपाल सीमा पर एसएसबी को खास सतर्क रहने को कहा गया है। आम दिनों की अपेक्षा पेट्रोलिंग के साथ ही चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसबी डॉग स्क्वायड के साथ सीमा पर निगरानी में जुटी है।
एसपी आरसी राजगुरु के निर्देश पर पुलिस क्षेत्र के अलावा राष्ट्रिय संपत्तियों की सुरक्षा में जुटी है। थानाध्यक्ष राजेश पांडेय ने बताया कि बनबसा बैराज, जगबूड़ा पुल, धनुषपुल और क्षेत्र के पश्चिमी छोर पर किलपूरा के जंगलों की ओर भी कांबिंग कर क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
एसएसबी 57 वीं वाहनी के असिस्टेंट कमांडेट कलजी सोढ़ा ने बताया कि सीमा पर सघन पेट्रोलिंग और तलाशी ली जा रही है। डी कंपनी प्रभारी (इंस्पेक्टर) हरदत्त सिंह ने बताया कि नेपाल सीमा के साथ ही ऊधम सिंह नगर की सीमा पर भी पेट्रोलिंग की जा रही है।