चंपावत। भारी बारिश से भले ही टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा चुनौती बन रहा है लेकिन इसी एनएच से कुछ दूरी पर बरसात में एक झरना खूबसूरती बिखेर रहा है। धौनरौत ग्राम पंचायत के बेट्टीगाड़ में हेनरी झरना आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हालांकि प्रतिकूल मौसम की वजह से इसे देखने के लिए ज्यादा लोग नहीं पहुंच पा रहे हैं।
करीब 40 फीट ऊंचाई से गिरने वाले हेनरी झरने में हर समय भरपूर पानी रहता है लेकिन इन दिनों भारी बारिश के बाद इसका जल प्रवाह 30 प्रतिशत तेज हो गया है। बीडीओ केएस रावत ने बताया कि बेट्टीगाड़ में मनरेगा से 3.99 लाख रुपये से झरने का सौंदर्यीकरण कराया गया है। इस धन से झरने तक पहुंच मार्ग, चेकडैम, दीवार आदि बनाकर इस झरने को बेहतर स्वरूप दिया गया है।
हेनरी झरने के पानी के उपयोग के लिए टैंक भी बनाए जा रहे हैं। झरने में वर्षभर पानी की उपलब्धता रहने से आसपास के क्षेत्र में सिचाई और मत्स्य पालन के लिए पांच टैंक भी बनाए गए हैं। इसमें दो हजार मछली बीज डालकर वर्ष में लगभग पांच क्विंटल मछली उत्पादन कर 1.35 लाख आमदनी का लक्ष्य रखा गया है।