लोहाघाट (चंपावत)। क्षेत्र में हुई भारी ओलावृष्टि से किसानों की सब्जियों और फलों को काफी नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि ने किसानों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। प्रशासन की टीम ने क्षेत्रों में जाकर नुकसान का आंकलन करना शुरू किया। बृहस्पतिवार शाम को हुई भरी ओलावृष्टि में लोहाघाट के सुंई, बाराकोट, गंगनौला, खतेड़ा, नसखोला, मंगोली, छतोली, ढोरजा, पाटन-पाटनी, फोर्ती, रायनगर चौड़ी, खेतीखान,बरदाखान, पम्दा, ग्यूनाड़ा आदि क्षेत्रों में किसानों की फसलों ओर फलों को भारी नुकसान पहुंचा है। ओलावृष्टि होने से आड़ू, प्लम, खुबानी, आम, लीची, सेब, माल्टा, संतरा, नाशपाती, नींबू सहित शिमला मिर्च, बैंगन, गोभी, टमाटर आदि मौसमी सब्जियों को व्यापक नुकसान हो गया है।
काश्तकार भूपाल सिंह रावत, गणेश दत्त चौबे, रघुवर दत्त मुरारी, चंद्र दत्त जोशी, हरीश तिवारी, भुवन चौबे, ओंकार धौनी, राजेंद्र पुनेठा आदि ने बताया कि सब्जियां और फल पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। उद्यान विभाग के एडीओ आशीष रंजन खर्कवाल ने बताया कि उद्यान, राजस्व और कृषि विभाग की टीमों ने प्रभावित क्षेत्रों में जाकर क्षति का आकलन करने का कार्य शुरू कर दिया है। बताया कि ओलावृष्टि से करीब 70 फीसदी का नुकसान हुआ है।