टनकपुर (चंपावत)। उप जिला अस्पताल में लंबे समय बाद फिजिशियन की तैनाती हुई थी लेकिन एक माह के भीतर ही फिर तबादला होने से मरीजों की दिक्कत बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल से फिजिशियन का तबादला श्रीनगर और एक चिकित्साधिकारी को चंपावत अस्पताल भेज दिया है।
लंबे समय से जिले के मैदानी क्षेत्र के प्रमुख उप जिला अस्पताल में फिजिशियन का पद रिक्त चल रहा था। फिजिशियन न होने पर मरीजों को दिक्कत हो रही थी। बीते एक माह पूर्व फिजिशियन डाॅ. ज्ञानेश्वर यादव की तैनाती हुई। इससे मरीजों की संख्या बढ़ गई। हर रोज करीब 100 से अधिक मरीज इलाज के लिए पहुंचने लगे थे। उनकी तैनाती के बाद मरीजों को बड़ी राहत मिली थी लेकिन उनका तबादला होने से मरीजों को निजी अस्पताल या फिर बनबसा और खटीमा दौड़ लगानी पड़ेगी।
सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी ने बताया कि दो दिन पहले ही विभाग से अस्पताल को मिले फिजिशियन का तबादला श्रीनगर होने का आदेश आया। फिजिशियन का पद फिर रिक्त होने से मरीजों का उपचार नहीं हो सकेगा। फिजिशियन और अन्य रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए डिमांड विभाग को भेज दी है। चिकित्सकाधिकारी डाॅ. जितेंद्र जोशी का भी तबादला चंपावत कर दिया है। इससे मैदानी क्षेत्र के अस्पताल में मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।