लोहाघाट (चंपावत)। उप जिला अस्पताल लोहाघाट में शासन की ओर से हड्डी रोग विशेषज्ञ के तैनाती के आदेश जारी हो गए हैं। तैनाती होने के बाद क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
उप जिला अस्पताल में करीब आठ साल पूर्व पीपीपी मोड व्यवस्था बंद होने के बाद रोगियों को हड्डी संबंधी उपचार में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वर्ष 2024 में कुछ समय के लिए अस्थायी हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती हुई। वह भी स्वास्थ्य कारणों के चलते यहां से अन्यत्र चले गए। हड्डी रोगियों की दिक्कतों को देखते हुए जन प्रतिनिधियों और लोगों ने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती की मांग उठाई। शासन ने लोहाघाट उप जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती के आदेश दिए हैं। इससे लोगों ने राहत की सांस ली है। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शासन से उपजिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती के आदेश हो गए हैं। तैनाती कब तक होगी, यह कहना मुश्किल है।
उप जिला अस्पताल लोहाघाट में मरीजों को बेहतर सेवाएं देने के लिए लगातार सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिल रहे हैं। हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती के बाद अस्पताल में स्टाफ की कमी को भी सीएम के समक्ष रखा है। इसमें अब जल्द ही स्टाफ भी मिलेगा।
गोविंद वर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष, लोहाघाट
शासन की ओर से उप जिला अस्पताल लोहाघाट के लिए हड्डी रोग विशेषज्ञ की तैनाती के आदेश के बाद रोगियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद जगी है। हड्डी रोग विशेषज्ञ की सेवाएं शुरू होने के बाद हड्डी संबंधी मरीजों को पिथौरागढ़, चंपावत, खटीमा, हल्द्वानी की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
सचिन जोशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, लोहाघाट