चंपावत। प्रदेश के पूर्व सीएम हरीश रावत ने मंगलवार को न्याय के देवता गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र सहित प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने भाजपा के खिलाफ न्याय की अर्जी लगाई। उन्होंने कहा भाजपा सरकार की ओर से 2017 चुनाव के दौरान उनके खिलाफ जुमे की छुट्टी और 2022 के चुनाव के दौरान मुस्लिम यूनिवर्सिटी खोलने के बाबत अफवाह फैलाई गई थी। कहा कि भाजपा को कोई भी नेता अगर इसका प्रमाण दे तो मै राजनीति करना छोड़ दूंगा। उन्होंने कहा भाजपा सरकार के तीन साल निराशाजनक रहे। इससे पूर्व चंपावत पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फूलमाला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा की ओर से तीन साल में हवाई घोषणाएं की गईं हैं। धरातल पर कोई भी कार्य नहीं हुआ है। कांग्रेस सरकार की ओर चंपावत में कई विकास कार्य किए गए थे,लेकिन भाजपा तीन साल में कोई कार्य नहीं कर पाई है। भाजपा ने दो महाझूठ बोलकर चुनाव जीता।
पूर्व सीएम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पंचायत चुनाव और 2027 विधानसभा चुनाव में एक साथ मिलकर कार्य करने के लिए कहा। इस दौरान पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, जिलाध्यक्ष पूरन कठायत, निर्मला गहतोड़ी, विनोद बडेला, चिराग फर्त्याल,रजत वर्मा, श्याम कार्की, विपीन जोशी, भुवन चौबे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
तीन साल बेमिसाल, भाजपाई मालामाल : रावत
चंपावत। चंपावत में विकास कार्य धरातल पर नहीं उतरे हैं। बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज खोलना अच्छी बात है लेकिन पहले दिखे तो सही। कोई भी उल्लेखनीय कार्य सीएम की विधानसभा में नहीं हुआ है। तीन साल बेमिसाल, भाजपाई मालामाल जरूर नजर आ रहे हैं। ये बातें पूर्व सीएम हरीश रावत ने प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।
पूर्व सीएम रावत ने कहा कि जनता भी प्रदेश सरकार की नीतियों से परेशान है। यूीसीसी उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत पर हमला और सनातन धर्म पर चोट है। पूर्व कांग्रेस विधायक हेमेश खर्कवाल के समय में चार कॉलेजों की स्थापना हुई। मेडिकल कॉलेज का बेस तैयार किया था, आज उसका पता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ का पुलिंदा है। उनके इस झूठ का वह पर्दाफाश करेंगे। वर्ष 2017 में चुनाव से ठीक पहले कहा गया कि हरीश रावत की सरकार ने जुम्मे की नमाज की छुट्टी दे दी है। यह संविधान में ही नहीं है तो ऐसा झूठ क्यों। दूसरा झूठ कांग्रेस आएगी तो मुस्लिम विश्वविद्यालय बनाएगी। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा इस बात का कोई भी सबूत दे दे या कागजात दिखा दे तो में प्राण ही त्याग दूंगा। सबूत लाने के लिए मैंने तो 10 लाख के इनाम देने तक की घोषणा दी थी। भाजपा ने कागज छपवाया और उसे गांव-गांव तक पहुंचाया। कांग्रेस शासनकाल में चंपावत में बहुत विकास कार्य हुए हैं, जबकि भाजपा सरकार के कार्य धरातल पर उतरे तक नहीं हैं।
इस दौरान सेवानिवृत्त हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विनोद जोशी ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। प्रेस वार्ता में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत, निर्मला गहतोड़ी, आशा देवी, अशोक वर्मा, उमेश खर्कवाल, मोहन सिंह अधिकारी, सौरभ साह, मुरलीधर जोशी, बालादत्त, मनीष महर, विनोद सिंह आदि मौजूद रहे।
विपक्ष की आवाज कम हुई है, दबी नहीं
चंपावत। विपक्ष कहीं न कहीं मुद्दों को उठाने में पीछे रहा है। कांग्रेस की आवाज थोड़ी कम जरूर हो गई है, लेकिन लोकतंत्र में कांग्रेस ने विपक्ष धर्म को निरंतर निभाया है। जनमुद्दों को उठाया है। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता को समझना होगा। सत्ता पक्ष काे आईना दिखाना जरूरी है। जनता ही लोकतंत्र की आवाज है। सत्ता पक्ष को काफी खिला दिया है। पालिकाध्यक्ष, वार्ड सदस्य उनके ही हैं। अब तो कांग्रेस के भी हलक सूखने लगे हैं।
कांग्रेस पहले अपने गिरबां में झांके
चंपावत। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़ियों ने कहा कि कांग्रेस पहले अपने गिरबां में झांके, उसके बाद बात करे। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम न्याय की गुहार के लिए गोल्ज्यू मंदिर पहुंचे हैं। सीएम पुष्कार सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में विकास तेजी से हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस घबराई हुई है। चर्चाओं में रहने के लिए इनके नेता कुछ न कुछ करने में लगे हैं।