चंपावत। जिले की पुलिस ने मुक्तेश्वर नैनीताल से लापता हुई किशोरी को सकुशल बरामद कर उसे परिजनों को सौंप दिया है। यह किशोरी पारिवारिक कलह के चलते एक सप्ताह पूर्व घर से रहस्यमय तरीके से गायब हो गई थी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद पुलिस ने इसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
नैनीताल पुलिस की ओर से सीमावर्ती जिलों की पुलिस को इसकी सूचना दी थी। सीओ अशोक कुमार के अनुसार रविवार की रात करीब सवा नौ बजे किशोरी के चल्थी क्षेत्र के वैला गांव के आसपास होने की सूचना मिलने पर चल्थी चौकी प्रभारी हेमंत कठैत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वैला गांव पहुंच कर किशोरी की तलाश की। ग्रामीणों से पूछताछ के बाद किशोरी को वैला गांव में उसके दूर के रिश्तेदार के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया। किशोरी की काउंसलिंग के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। पूछताछ में बताया कि पारिवारिक कलह के कारण बिना किसी को बताए वह वैला में अपने रिश्तेदार के घर पहुंच गई। पुलिस टीम में हेमंत सिंह कठैत, मोहन मर्तोलिया, अरुण राणा और चामू सिंह आदि शामिल थे।