हैंड फ्री बाइकिंग में अपना नाम देश विदेश की विभिन्न रिकार्ड बुकों में दर्ज करवा चुके चंपावत के नवीन कार्की जल्द ही वर्ल्ड रिकार्ड इंडिया के लिए हैंड फ्री बाइकिंग करेंगे। इस संबंध में वर्ल्ड रिकार्ड इंडिया की ओर से नवीन को सहमति पत्र भेजा जा चुका है। वह इसी माह पुणे में होने वाले कार्यक्रम में हैंड फ्री बाइकिंग करेंगे।
गौरतलब है कि लंबे समय से हैंड फ्री बाइकिंग के जरिए अपनी पहचान बना चुके खर्ककार्की निवासी नवीन कार्की ने वर्ष 2012 में इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड और लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड में अपना नाम दर्ज करवाया था। इसके अलावा वर्ष 2015 में माउंटेन ड्यू के नाम बनते हैं रिस्क से कार्यक्रम में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुके हैं। 2013-14 में वियतनाम के एक विश्वविद्यालय से हैंड फ्री बाइकिंग में पीएचडी की उपाधि हासिल करने वाले कार्की 2016 में असिस्ट वर्ल्ड रिकार्ड में भी अपना नाम दर्ज करवा चुके हैं। वह चंपावत से पिथौरागढ़, चंपावत से टनकपुर और देहरादून से मसूरी तक अप डाउन हैंड फ्री बाइकिंग कर चर्चा में आए थे। उसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनका कहना है कि हैंड फ्री बाइकिंग को लेकर उनमें जुनून है तथा इसी ने उन्हें देश दुनिया में पहचान दिलाई है। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्र के साहसिक खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है, लोगों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।